अमेरिकी सरकार ने स्मार्टफोन बनाने वाली चीन की प्रमुख कंपनी श्याओमी कॉर्प और वहां की तीसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय तेल कंपनी को चीनी सेना के साथ कथित संबंधों का हवाला देते हुए काली सूची में डाल दिया है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के कार्यकाल के अंतिम सप्ताह में इसके जरिये चीन पर दबाव बनाया है।
अमेरिका के रक्षा विभाग ने चीन की 9 कंपनियों को सैन्य संबंधों वाली चीनी कंपनियों की सूची में डाल दिया है। इसमें श्याओमी और विमान बनाने वाली सरकारी कंपनी एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना (कोमैक) भी शामिल हैं।
पिछले साल नवंबर में ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित कार्यकारी आदेश के अनुसार, अमेरिकी निवेशकों को सैन्य संबंधों वाली चीनी कंपनियों में अपने निवेश को इस साल नवंबर तक भुनाना होगा। श्याओमी ने इस मुद्दे पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।
गार्टनर के आंकड़ों के अनुसार, श्याओमी ने 2020 की तीसरी तिमाही के दौरान बिक्री के लिहाज से ऐपल इंक को पछाड़कर स्मार्टफोन बनाने वाली दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई। अमेरिका द्वारा हुआवेई को काली सूची में जाने के बाद श्याओमी की बाजार हिस्सेदारी बढ़ी है।
उधर, अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने चीन की राष्ट्रीय तेल कंपनी चाइना नैशनल ऑफशोर ऑयल कॉरपोरेशन (सीएनओओसी) को आर्थिक ब्लैकलिस्ट वाली सूची में डाल दिया है। ऐसे में सीएनओओसी को अब किसी कंपनी को निर्यात अथवा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण करने के लिए अमेरिकी सरकार से अनुमति लेनी पड़ेगी।
इससे पहले दिसंबर में चीन की करीब 60 कंपनियों की इस सूची में डाल दिया गया था जिसमें ड्रोन बनाने वाली कंपनी डीजेआई और सेमीकंडक्टर बनाने वाली कंपनी एसएमआईसी भी शामिल हैं। सीएनओओसी विवादित दक्षिण चीन सागर के विवादित क्षेत्र में परिचालन करती रही है जहां बीजिंग ने वियतनाम, फिलीपींस, ब्रुनेई, ताइवान और मलेशिया सहित अन्य देशों के क्षेत्रीय दावों को हड़प लिया है।
चीन सरकार की स्वामित्व वाली कंपनी स्काइरीजोन को भी अमेरिका ने काली सूची में डाल दिया है।
उधर, अमेरिका द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से काली सूची में डाले जाने जाने की खबर श्याओमी के लिए अप्रत्याशित थी। चीन की इस कंपनी को ऐपल इंक के प्रतिस्पर्धी के तौर देखा जाता है। श्याओमी ने हुवावेई टेक्नोलॉजिज को पछाड़कर चीनी की शीर्ष स्मार्टफोनि विनिर्माता का तमगा हासिल किया था। कंपनी स्मार्टफोन के अलावा इलेक्ट्रिक स्कूटर, ईयरफोन और स्मार्ट राइस कुकर भी बनाती है।