भारत के जिन शहरों में यूनिक्लो के स्टोर हैं, कंपनी उन्हीं 6 शहरों में स्टोर का विस्तार करने पर जोर देगी। इन शहरों में दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), मुंबई, बेंगलूरु, चंडीगढ़, लखनऊ और पुणे शामिल हैं। यूनिक्लो इंडिया की विपणन निदेशक निधि रस्तोगी ने बिज़नेस स्टैंडर्ड से कहा, ‘कंपनी को भारत के बाजार पर पूरा भरोसा है और हम देश में लगातार वृद्धि के नए अवसर तलाश रहे हैं।’
जापान की इस रिटेल कंपनी के भारत में फिलहाल 20 स्टोर हैं और इनका आकार लगभग 10,000 से 35,000 वर्गफुट के बीच है। भारत में यूनिक्लो की कुल बिक्री में करीब 15 फीसदी हिस्सेदारी ऑनलाइन बिक्री की है जबकि बाकी बिक्री स्टोरों के माध्यम से होती है।
वित्त वर्ष 2025 में उसका राजस्व 1,175.5 करोड़ रुपये रहा। इसमें 44 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई। रस्तोगी ने कहा कि ऑनलाइन बिक्री सिर्फ 15 फीसदी है लेकिन यूनिक्लो अपने विज्ञापन बजट का बड़ा हिस्सा डिजिटल माध्यमों पर खर्च करती है। कंपनी का मानना है कि उसके ग्राहक डिजिटल प्लेटफॉर्म का ज्यादा इस्तेमाल करने वाले हैं।
कंपनी अपने कुल विज्ञापन खर्च का लगभग 60 फीसदी डिजिटल पर खर्च करती है और बाकी रकम अन्य विज्ञापन माध्यमों पर खर्च करती है।
कंपनी के अनुसार, गूगल के एक शोध में पता चला है कि स्टोर जाने से पहले 10 में से 8 लोग ऑनलाइन सर्च करते हैं। यूनिक्लो के ग्राहक भी सोशल मीडिया, ओटीटी, न्यूज प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय रहते हैं। इसलिए कंपनी इन प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन को ज्यादा महत्त्व देती है।