सरकार ने हाल में ही सुरक्षा कारणों का हवाला देकर चीन के 118 मोबाइल ऐप्लिकेशन पर प्रतिबंध लगा दिया। इनमें बेहद लोकप्रिय ऑनलाइन गेम प्लेयरअननोन्स बैटलग्राउंड्स (पबजी) भी शामिल है। माना जा रहा है कि पबजी पर प्रतिबंध से चीन की दिग्गज तकनीकी कंपनी टेनसेंट होल्डिंग्स इंडिया की कमाई पर तगड़ी चोट पड़ सकती है।
सरकार ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ झड़प के बाद दो खेप में 100 से अधिक ऐप पर रोक लगा दी थी। मगर बड़ी चोट इस बार ही पड़ेगी क्योंकि पबजी पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। दुनिया में मोबाइल ऐप की लोकप्रियता पर नजर रखने वाली कंपनी ऐप एनी के अनुसार जुलाई में ग्राहकों से कमाई यानी राजस्व के मामले में पबजी सबसे ऊपर था। ऐप सभी श्रेणियों के शीर्ष ऐप से आगे था, जिनमें मनोरंजन ऐप डिज्नी हॉटस्टार, डेटिंग ऐप टिंडर, ऑनलाइन एजूकेशन ऐप यूडमी और गूगल वन भी थे। ऐप स्टोर पर टेनसेंट के 758 से अधिक ऐप हैं और भारत में यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ऐप कंपनी है। इस मामले में यह गूगल, डिज्नी और प्लेरिक्स को भी पछाड़ चुकी है।
आंकड़े खंगाले जाएं तो पता चलता है कि फरवरी के अलावा इस साल जनवरी से अभी तक पबजी और टेनसेंट अव्वल नंबर ही रहे। फरवरी में फ्रीफायर ने पबजी को नीचे धकेला था मगर अगले महीने ही पबजी वापस शीर्ष पर काबिज हो गया। टेनसेंट के एक अन्य ऐप वीचैट पर पहले ही रोक लग चुकी है। हालांकि भारत में वीचैट ज्यादा लोकप्रिय नहीं था क्योंकि यहां अधिकतर लोग चैट के लिए व्हाट्सऐप का ही इस्तेमाल करते हैं। मगर पबजी की बात कुछ और ही थी। उसकी लोकप्रियता का कोई सानी ही नहीं था। भारत में यह ऐप 17.5 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। इस आंकड़े का मतलब है कि दुनिया भर में इसके कुल डाउनलोड में 25 फीसदी योगदान भारतीयों का ही है। भारत में हर उम्र के लोग इसे खेलते हैं मगर बच्चों और नवयुवकों में इसके लिए गजब की दीवानगी देखी गई। इस दीवानगी के कारण ही टेनसेंट की हैसियत तेजी से बढ़ी और उसका मूल्यांकन भी बढ़ता चला गया।
भारत से पबजी को हर महीने होने वाली कमाई का तय या आधिकारिक आंकड़ा नहीं है मगर यहां से औसतन 15 से 70 लाख डॉलर कंपनी को मिल जाते थे। पबजी गेम मुफ्त है यानी इसे खेलने का शुल्क नहीं लगता मगर इसमें शामिल किरदारों के रंग-रूप, हथियार, परिधान आदि खरीदने के लिए रकम खर्च करनी पड़ती है और यही कंपनी के लिए राजस्व का स्रोत है। इसके अलावा कंपनियां इन गेम्स की प्रायोजक बनती हैं, इनके साथ मार्केटिंग की जाती है और कई ब्रांड इनके साथ जुड़ जाते हैं, जिनसे कमाई होती है। साथ ही टूर्नामेंट की मेजबानी और गेम की स्ट्रीमिंग से भी कंपनी की कमाई होती है।
पबजी को चीन में गेम फॉर पीस के नाम से खेला जाता है। चीन और बाकी देशों में इसकी कुल कमाई 2020 की पहली छमाही में 1.3 अरब डॉलर से ऊपर रही। चीन के साथ रिश्ते बिगडऩे के बाद सरकार ने चीन की ही कंपनी बाइटडांस के वीडियो प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर भी प्रतिबंध लगा दिया था। उस पर प्रतिबंध के बाद चिंगारी, रोपोसो और मित्रों जैसी कई देसी कंपनियों ने अपने-अपने ऐप उतार दिए।