टाटा डिजिटल की ई-खरीदारी जारी, अब 1एमजी

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:48 AM IST

टाटा संस के 100 फीसदी स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा डिजिटल ने आज कहा कि वह डिजिटल हेल्थ स्टार्टअप 1एमजी में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदेगी। टाटा डिजिटल ई-कॉमर्स क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि 1एमजी में निवेश डिजिटल कारोबार खड़ा करने के टाटा समूह के लक्ष्य के अनुरूप है, जो एकीकृत तरीके से सभी श्रेणियों में ग्राहकों की जरूरतें पूरी करेगा।
टाटा डिजिटल के सीईओ प्रतीक पाल ने कहा, ‘1एमजी में निवेश से टाटा का शानदार ग्राहक अनुभव मुहैया कराने और तकनीक आधारित प्लेटफॉर्म के जरिये ऑनलाइन दवा और ऑनलाइन जांच क्षेत्र में अच्छे स्वास्थ्य उत्पाद एवं सेवाएं मुहैया कराने का सामथ्र्य बढ़ेगा।’ हालांकि सौदे का वित्तीय ब्योरा नहीं दिया गया मगर सूत्रों ने कहा कि कुछ शुरुआती निवेशकों के बाहर निकलने से 1एमजी में प्राथमिक और द्वितीयक पूंजी झोंकी गई है। कुछ मीडिया खबरों में कहा गया है कि कंपनी को प्राथमिक एवं द्वितीयक निवेश के रूप में 22 करोड़ डॉलर मिले हैं, जिसमें कंपनी के कुछ मौजूदा निवेशकों ने भी हिस्सा लिया।
1एमजी ने आईएफसी, सिकोया इंडिया, ओमडियार नेटवर्क, दक्षिण कोरिया के रेडवुड ग्लोबल जैसे बड़े निवेशकों से कुल 15 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। इस अधिग्रहण के साथ ही अब टाटा डिजिटल की ऑनलाइन कारोबार के तीन अहम खंडों- किराना, लाइफस्टाइल फिटनेस और ऑनलाइन फार्मेसी में मौजूदगी हो गई है। कंपनी को पिछले महीने भारतीय प्रतिस्पद्र्घा आयोग से ऑनलाइन किराना कंपनी बिगबास्केट में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी मिली थी। इसने इस सप्ताह की शुरुआत में क्योर डॉट फिट में 7.5 करोड़ डॉलर के निवेश की घोषणा की और इसके संस्थापक मुकेश बंसल को टाटा डिजिटल का अध्यक्ष बनाया है। 2015 में बनी ई-स्वास्थ्य क्षेत्र की यह कंपनी दवा, स्वास्थ्य एवं सेहतमंद उत्पाद, जांच सेवाएं एवं टेली-कंसल्टेशन जैसी सुविधाएं मुहैया कराती है। कंपनी तीन जांच प्रयोगशालाएं भी चलाती है और देश भर में 20,000 पिन कोड पर अपनी सेवाएं देती है।
1एमजी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्य अधिकारी प्रशांत टंडन ने कहा, ‘हम देश के सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानित कंपनी समूह के साथ जुड़कर खुश हैं। पूरे देश में ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता के स्वास्थ्य उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध कराने की 1एमजी की यात्रा में यह महत्त्वपूर्ण पड़ाव है।’

First Published : June 10, 2021 | 11:13 PM IST