पिछले हफ्ते मुंबई में हुए आतंकी हमले की वजह से देशभर में होटल कारोबार को काफी नुकसान पहुंचा है।
इसकी वजह से कई विदेशी पर्यटक भारत आने की योजना में फेर-बदल कर रहे हैं। जिससे होटलों के किराए में भारी गिरावट आने की आशंका है।
ट्रैवल एजेंट और जानकारों का मानना है कि अगले कुछ महीनों में लग्जरी होटलों के किराए में तकरीबन 30 फीसदी की गिरावट आ सकती है।
होटल कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि हादसे के बाद मुंबई में लग्जरी होटलों के किराए में भारी गिरावट आ चुकी है। पहले जिस कमरे का किराया 12,000 रुपये था, वह अब 10,000 रुपये में उपलब्ध है। केरल और जयपुर के पांच सितारा होटलों में के किराए में भी 10 से 12 फीसदी की गिरावट आई है।
ट्रैवल एजेंट का कहना है कि अगले 15 दिनों में देश के कई अन्य शहरों में होटलों में बुकिंग रद्द कराने की समस्या से जूझना होगा। ट्रैवल गुरु ने कहा पर्यटक मुंबई में सबसे ज्यादा बुकिंग रद्द करा रहे हैं, उसके बाद दिल्ली और बेंगलुरु का नंबर आता है।
ट्रैवल गुरु के सीईओ अश्विन दामेरा का कहना है कि मुंबई समेत अन्य शहरों की बुकिंग रद्द कराई जा रही है। इस हफ्ते की बुकिंग में से करीब 25 फीसदी या तो रद्द कराई जा चुकी है या फिर उसकी तारीख को आगे बढ़ाने को कहा गया है।
गोवा के होटल में भी किराए में करीब 20 फीसदी की गिरावट आई है। हैदराबाद के पांच सितारा होटलों का किराया 12,000 रुपये से घटकर 6,500 रुपये तक पहुंच गया है, यानी किराए में करीब 45 फीसदी की गिरावट आई है।
हैदराबाद स्थित ट्रैवल पोर्टल ट्रैवल एक्सप्रेस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सी. वेंकटेश्वर प्रसाद का कहना है कि पिछले कुछ समय से हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए मुफीद जगह बनता जा रहा था, लेकिन मुंबई की घटना के बाद से यहां के होटलों के कमरों की बुकिंग में भारी गिरावट आई है।
मुंबई स्थित एक विशेषज्ञ ने बताया कि नवंबर से मार्च का महीना होटल कारोबारियों के लिए अच्छा माना जाता है, लेकिन पर्यटकों के रुख को देखते हुए कहा जा रहा है कि होटल कारोबारियों को मुश्किल दौर का सामना करना पड़ेगा। मौजूदा समय में पर्यटक जनवरी तक की बुकिंग को रद्द करा रहे हैं।
एचवीएस ग्लोबल हॉस्पिटलिटी सर्विसेज के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ ठक्कर का कहना है कि होटल कारोबारी विदेशी अतिथियों के नहीं आने पर घरेलू पर्यटकों से उम्मीद है।
होटल के किराए में करीब 30 फीसदी की गिरावट की आशंका
मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद, बेंगलुरु, जयपुर में भी किराया घटा
पर्यटक रद्द करा रहे हैं बुकिंग