दुनिया के सबसे बड़े बाजार अमेरिका में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के इरादे से सन फार्मास्युटिकल्स ने अमेरिका में मध्यम आकार की जेनरिक दवा कंपनी के अधिग्रहण की योजना बनाई है।
कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक दिलीप सांघवी ने बताया कि हम अमेरिका में अधिग्रहण का विचार कर रहे हैं। सांघवी ने कहा कि मौजूदा समय में कंपनी के पास 2,600 करोड़ से 2,700 करोड़ रुपये की नकदी है।
कंपनी अमेरिका के जेनरिक बाजार में दखल बढ़ाने में अपनी इस नकदी का इस्तेमाल करेगी। मंदी के बावजूद सन को अमेरिका में अवसर के अनुमान हैं। अधिग्रहण के संभावित आकार के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि हम मध्यम आकार वाली कंपनी चाहते हैं।
सन फार्मास्युटिकल्स का अपनी अनुषंगी कंपनियों के जरिए अमेरिका में कारोबार है। कंपनी अमेरिकी बाजार में अपनी हिस्सेदारी को हर तरीके से बढ़ाने पर विचार कर रही है।
अमेरिकी बाजार में उतारे जाने वाले नए उत्पाद के बारे में कहा कि कंपनी ने काराको के साथ मिलकर 109 एब्रीविएटेड नई दवाई एप्लीकेशन और अमेरिकी स्वास्थ्य नियामक के लिए आवेदन किया है।
मुनाफा बढ़ा
सन फार्मास्युटिकल्स इंडस्ट्रीज को 31 दिसंबर 08 को समाप्त तीसरी तिमाही में 4.09 अरब रुपये का शुध्द लाभ हुआ है, जो पिछले साल की इसी अवधि से यह 21.4 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी को पिछले साल की इसी तिमाही में 3.36 अरब रुपये का शुध्द लाभ हुआ था। आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री 14.2 प्रतिशत बढ़कर 9.18 अरब रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 8.03 अरब रुपये थी।