दवा बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी सन फार्मास्युटिकल्स का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2021 की चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 124 फीसदी बढ़कर 894 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान कंपनी को बेहतर परिचालन कुशलता और पिछले साल के कमजोर आधार से बल मिला।
कंपनी ने कहा है कि वह नई संभावित बायोसिमिलर दवाओं को विकसित करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। कंपनी ने गुजरात के अपने हलोल संयंत्र का यूएसएफडीए द्वारा निरीक्षण जल्द होने की उम्मीद जताई है। वित्त वर्ष 2019 की चौथी तिमाही में कंपनी ने 636 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। इससे तुलना करने पर शुद्ध लाभ में करीब 40 फीसदी की वृद्धि दिखती है।
तिमाही के दौरान कंपनी का कुल बिक्री 4.4 फीसदी बढ़कर 8,431 करोड़ रुपये हो गई जबकि वित्त वर्ष 2019 की चौथी तिमाही से तुलना करने पर इसमें 19 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। लेकिन क्रमिक आधार पर बिक्री में 4 फीसदी की कमी आई। कंपनी ने कहा है कि वित्त वर्ष 2020 की चौथी तिमाही में अतिरिक्त मद में काफी-कुछ शामिल था और इसलिए आंकड़ों की तुलना नहीं की जा सकती है।
तिमाही के दौरान कंपनी का एबिटा 56 फीसदी बढ़कर 1,956.8 करोड़ रुपये हो गया जबकि एबिटा मार्जिन 23.2 फीसदी रहा। कंपनी ने कहा कि बेहतर परिचालन कुशलता से मार्जिन को बल मिला।
ब्रोकरेज फर्मों ने दमदार परिचालन प्रदर्शन और पिछले साल के कमजोर आधार पर मुनाफे में 100 फीसदी वृद्धि की उम्मीद जताई थी। कोटक इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज ने अपने अनुमान में कहा था कि कंपनी मुनाफे में 141 फीसदी और एबिटा मार्जिन में 41 फीसदी की वृद्धि हो सकती है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक दिलीप सांघवी ने कहा, ‘वित्त वर्ष 2021 में कोविड वैश्विक महामारी एवं लॉकडाउन के कारण कारोबारी परिदृश्य काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। इन चुनौतियों के बावजूद मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि हम कारोबार की निरंतरता को बरकरार रखने में समर्थ रहे।’
तिमाही के दौरान उभरते बाजारों से बिक्री 2.8 फीसदी बढ़कर 19.2 करोड़ डॉलर हो गई। जबकि भारत में ब्रांडेड फॉर्मूलेशन की बिक्री में 12.9 फीसदी की वृद्धि हुई। पूरे वित्त वर्ष 2021 के लिए कंपनी की समेकित बिक्री में 2.5 फीसदी की वृद्धि हुई। इसमें भारतीय बिक्री में 6.5 फीसदी की वृद्धि हुई जबकि अमेरिकी कारोबार में 8.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
स्ट्राइड्स फार्मा को शुद्ध लाभ
प्रमुख औषधि कंपनी स्ट्राइड्स फार्मा को वित्त वर्ष 2021 की चौथी तिमाही में 43.74 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ हुआ। तिमाही के दौरान दमदार बिक्री से मुनाफे को बल मिला। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 206.57 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध घाटा दर्ज किया था। तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर 908.49 करोड़ रुपये हो गया जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 618.64 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी आर अनंतनारायणन ने कहा, ‘सख्त परिचालन परिवेश में वित्त वर्ष 2021 के दौरान सभी कारोबार में दमदार प्रदर्शन दर्ज करते हुए हमें प्रसन्नता हो रही है। राजस्व में हमारे विनियमित बाजार फ्रैंचाइजी का योगदान अब बढ़कर 80 फीसदी हो चुका है और वित्त वर्ष 2021 के दौरान उसमें 21 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई जो हमारी उम्मीदों के अनुरूप रही।’
स्ट्राइड्स कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका के बीच भारतीय बाजार में जल्द ही कई दवाओं को उतारने की तैयारी कर रही है। इन दवओं का उपयोग सीधे तौर पर कोविड के उपचार में किया जा सकेगा। बेंगलूरु की इस कंपनी ने ब्लैक फंगस के उपचार के लिए लिपोसोमल एम्फोटेरिसिन बी का भी उत्पादन कर रही है। मार्च में कंपनी की बायोफार्मास्युटिकल इकाई स्टेलिस बायोफार्मा ने स्पूतनिक वी टीके की 20 करोड़ खुराक की आपूर्ति करने के लिए करार किया है।