एनबीएफसी को बैंक में तब्दील करने की संभावना वाली भारतीय रिजर्व बैंक की आंतरिक कार्यसमिति की रिपोर्ट आने के एक पखवाड़े के बाद आदित्य बिड़ला कैपिटल संभवत: इस मुहिम मेंं जुट गई है। दिग्गज बैंकर व इंडसइंड बैंक के पूर्व प्रबंध निदेशक व मुख्य कार्याधिकारी रमेश सोबती आदित्य बिड़ला कैपिटल के निदेशक मंडल से एडवेंट कैपिटल के नॉमिनी निदेशक के तौर पर जुड़ सकते हैं। सितंबर में एडवेंट ने आदित्य बिड़ला कैपिटल में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश 100 रुपये प्रति शेयर पर किया था। कंपनी में उसकी हिस्सेदारी हालांकि 4.23 फीसदी है, लेकिन सौदे के तहत प्राइवेट इक्विटी दिग्गज ने कंपनी के निदेशक मंडल में जगह हासिल कर ली। इंडसइंड बैंक से अवकाश प्राप्त करने के बाद सोबती ने एडवेंट में परिचालक साझेदार की भूमिका ली और उन्हें अब आदित्य बिड़ला कैपिटल के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर नियुक्त किया जाएगा। सोबती की नियुक्ति पर आरबीआई की मंजूरी नहीं मिली है।
आदित्य बिड़ला कैपिटल अपने परिचालन व कारोबारी रणनीति में संशोधन कर रही है और शेयर भाव में भारी गिरावट को देखते हुए सूत्रों का कहना है कि कंपनी के मौजूदा बोर्ड ने नई योजना बनाने पर जोर दिया है। आरबीआई की कार्यसमिति की रिपोर्ट ने आदित्य बिड़ला कैपिटल को बैंकिंग में उतरने की महत्वाकांक्षा पर दोबारा नजर डालने का मार्ग प्रशस्त किया है। सूत्रों ने कहा कि इस पर चर्चा ने भी जोर पकड़ा है। सूत्र ने कहा, आदित्य बिड़ला कैपिटल 10 दिन के भीतर आरबीआई के सामने कार्यसमिति की रिपोर्ट पर अपना पक्ष रख सकती है और बैंंक में तब्दीली के मामले में कुछ राहत मांग सकती है। इसके साथ ही परिचालन में बदलाव से कंपनी के पुराने कर्मी भी कंपनी से बाहर निकल सकते हैं।
इस बारे मेंं जानकारी के लिए आदित्य बिड़ला कैपिटल को भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं मिला।
सोबती के जुडऩे से लेनदार के कारोबार को नई दिशा मिल सकती है और बैंक लाइसेंस के लिहाज से यह और स्वीकार्य बन सकती है। एनबीएफसी परिचालन के अलावा आदित्य बिड़ला कैपिटल की हाउसिंग फाइनैंंस इकाई भी है, जिसका ध्यान अफोर्डेबल हाउसिंग पर है। सन लाइफ के साथ 49 फीसदी हिस्सेदारी वाले संयुक्त उद्यम में आदित्य बिड़ला कैपिटल जीवन बीमा और परिसंपत्ति प्रबंधन कारोबार का परिचालन करती है। कंपनी ने साल 2015 में दक्षिण अफ्रीकी एमएमआई होल्डिंग के साथ स्वास्थ्य बीमा कारोबार शुरू किया था।
सूत्र ने कहा, कार्यसमिति की सिफारिशों पर अंतिम दिशानिर्देश जारी होते ही आदित्य बिड़ला कैपिटल बैंंक लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकती है। साल 2013 में यह कंपनी बैंंक लाइसेंस के 22 दावेदारों में शामिल थी। साल 2017 में समूह ने पेमेंट बैंक का लाइसेंस हासिल किया। पेमेंट बैंक का परिचालन शुरू करने के एक साल बाद कंपनी ने लाइसेंस सरेंडर कर दिया।