मंदी का असर अब स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) पर भी हावी होने लगा है। इसीलिए तो कंपनी को यह डर सता रहा है कि वह इस वित्त वर्ष के अपने उत्पादन लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाएगी।
कंपनी के अध्यक्ष सी. के. रूंगटा ने बताया कि, ‘हम शायद इस बार अपने उत्पादन लक्ष्य से जरा सा पीछे रह जाएं। हालांकि, मांग में इजाफा हो रहा।’ कंपनी ने इस वित्त वर्ष के लिए 1.3 करोड़ टन के स्टील उत्पादन का लक्ष्य रखा था। वैसे, कंपनी अब मंदी से निपटने के उपायों को अपनाने में भी जुट गई है।
सेल का उत्पादन शुरू होने के 50 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक समारोह में इस्पात सचिव पी. के. रस्तोगी ने कहा कि, ‘मंदी के दौर में वक्त आ गया है, अपने आप को बेहतर बनाने का।
इस वक्त सेल खुद को कार्यकुशल उद्यम के रूप में लोगों के सामने पेश करेगी। साथ ही, यह तकनीकी सुधार की राह अपना रही है।’ इस मौके पर भारत सरकार ने एक डाक टिकट भी पेश किया। साथ ही, सेल ने अपने कर्मचारियों को आठ ग्राम सोने का सिक्का भी उपहार में देने का ऐलान किया है।