रियल एस्टेट ने किया एडिडास को परेशान

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 2:00 AM IST

फुटवियर और परिधान क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एडिडास की भारत में विस्तार की योजना रियल एस्टेट के बढ़ते दामों के कारण अब खटाई में पड़ती नजर आ रही है।


एडिडास इंडिया के प्रबंध निदेशक आंद्रियास गैलनर ने कहा, ‘भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र में दाम इतनी तेजी से बढ़ने का असर हमारी विस्तार की योजनाओं पर पड़ रहा है।’  इस साल के अंत कंपनी की योजना भारत में अपने रिटेल स्टोरों की संख्या 325 से बढ़ाकर 450 तक करने की है।

भारत में कंपनी अपने स्टोरों का संचालन फ्रैंचाइजी मॉडल के आधार पर ही करती है। रियल एस्टेट की बढ़ती कीमतों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा किराये तो वास्तविक ही नहीं लगते है। वास्तव में प्रति वर्र्ग फुट किराया कारोबार का करीब 15 से 17 फीसदी ही होना चाहिए। लेकिन अभी यह किराया प्रति वर्ग फुट का 20 फीसदी है।

कई मामलों में तो यह किराया प्रति वर्ग फुट 40 फीसदी तक भी है। गैलनर ने कहा कि कं पनी भारत में किराये पर इतना खर्च नहीं करेगी क्योंकि कंपनी भारत में एक जाना पहचाना नाम है। उन्होंने कहा, ‘हम भारत में पिछले 13 सालों से हैं।’ भारत में कंपनी के विकास के बारे में गैलनर ने बताया कि एडिडास इंडिया सालाना 30 से 35 फीसदी की दर से विकास कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिस हिसाब से भारत में कंपनी विकास कर रही है उस हिसाब से जल्द ही भारत खरीद के हिसाब से चीन से भी आगे निकल जाएगा। ‘भारत जल्द ही एडिडास के लिए सबसे ज्यादा बिक्री वाला बाजार होने वाला है।’ इस वित्त वर्ष में कंपनी की योजना विज्ञापन पर कुल कारोबार का 8 से 10 फीसदी हिस्सा खर्च करने की है। कंपनी मझोले और छोटे शहरों का रुख कर रही है।

First Published : May 27, 2008 | 12:30 AM IST