श्री सीमेंट की सूचीबद्घ होल्डिंग कंपनी एनबीआई इंडस्ट्रियल फाइनैंस कंपनी में हुए सौदों को लेकर सवाल पैदा हुए हैं। एनबीआई एनएसई पर सूचीबद्घ है।
कॉरपोरेट प्रशासन नियामक और प्रॉक्सी वोटिंग फर्म इनगवर्न ने आरोप लगाया है कि एनबीआई ने करीब पांच साल पहले अपने बहीखाते में कई गैर-सूचीबद्घ कंपनियों के शेयर प्रवर्तक इकाइयों को सिर्फ 89 करोड़ रुपये में बेचे थे, भले ही उनकी उचित वैल्यू 3,077 करोड़ रुपये थी।
इसके अलावा, भले ही यह सौदा ‘संबद्घ पक्ष लेनदेन’ के दायरे में था, लेकिन इसे अल्पांश शेयरधारकों की वोटिंग के बगैर आगे बढ़ाया गया था।
इनगवर्न ने एक रिपोर्ट में कहा है, ‘वित्त वर्ष 2016-17 में, एनबीआई ने गैर-सूचीबद्घ कंपनियों में शेयर बेचे थे। इन कंपनियों में श्री कैपिटल सर्विसेज समेत समूह की अन्य कंपनी भी शामिल थी। ये शेयर उचित मूल्य के मुकाबले 97 प्रतिशत की छूट के साथ प्रवर्तकों को बेचे गए थे। प्रवर्तकों को इस बिकवाली का कोई उचित कारण नहीं था। साथ ही इस तरह की बिकवाली की जरूरत नहीं थी क्योंकि एनबीआई को नकदी की जरूरत नहीं थी। आज भी, इससे प्रवर्तकों के गलत इरादे का पता चलता है क्योंकि यह अल्पांश शेयरधारकों के साथ धोखाधड़ी से संबंधित है। इस संबंध में श्री सीमेंट के निवेशकों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।’
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया जानने के लिए श्री सीमेंट के प्रबंध निदेशक एच एम बांगुर को भेजे गए संदेशों का जवाब नहीं मिला है।
इनगवर्न ने इस मामले को बाजार नियामक सेबी के समक्ष भी उठाया है और इसे लेकर तत्काल कदम उठाए जाने को कहा है।
करीब 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के बाजार पूंजीकरण वाली श्री सीमेंट निफ्टी-50 सूचकांक में शामिल है। दूसरी तरफ, एनबीआई का बाजार पूंजीकरण 500 करोड़ रुपये से कम और प्रवर्तक हिस्सेदारी 64.72 प्रतिशत है। वह नवंबर 2016 में एनएसई पर सूचीबद्घ हुई थी। इससे पहले उसे दिल्ली स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्घ कराया गया था।
मार्च 2017 की तिमाही के अंत में, श्री सीमेंट में एनबीआई की प्रत्यक्ष रूप से 2.44 प्रतिशत हिस्सेदारी और श्री कैपिटल सर्विसेज तथा समूह की अन्य गैर-सूचीबद्घ कंपनियों में अपने शेयरधारकों के जरिये अप्रत्यक्ष रूप से इससे भी ज्यादा शेयरधारिता थी।
इनगवर्न की रिपोर्ट में कहा गया है, ‘श्री सीमेंट के शेयरों में महज इन गैर-सूचीबद्घ कंपनियों द्वारा की वैल्यू 28,125 करोड़ रुपये और एनबीआई के लिए आनुपातिक लाभकारी वैल्यू 3,077 करोड़ रुपये थी।’ जब से, एनबीआई ने श्री कैपिटल सर्विसेज के 247,860 शेयर बेचे हैं।
इनगवर्न ने अपी रिपोर्ट में कहा है, ‘वित्त वर्ष 2016-17 की आखिरी तिमाही में श्री सीमेंट के 13,980 रुपये प्रति शेयर की सबसे कम कीमत पर भी, इन शेयरों का मूल्यांकन 12,560 करोड़ रुपये होगा। चूंकि एनबीआई के पास श्री कैपिटल सर्विसेज के 15.38 प्रतिशत शेयर हैं, जिससे एनबीआई का हिस्सा 1,932 करोड़ रुपये के आसपास होगा।’
फरवरी में, इनगवर्न ने एनबीआई के बोर्ड को पत्र लिखकर इन समस्याओं से अवगत कराया था। कंपनी ने अपने जवाब में कहा था कि उसने संबंधित कानूनी प्रक्रिया पर अमल किया है।