वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म पेटीएम ने एंड्रॉयड फोन के लिए मंगलवार को दो नए इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी)-आधारित भुगतान डिवाइस – साउंडबॉक्स 2.0 और पेटीएम स्मार्ट पीओएस (पॉइंट ऑफ सेल) पेश किए। इन नए डिवाइस से व्यवसायियों को अपने फोन के जरिये कार्ड भुगतान स्वीकार करने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने कहा है कि उसे अगले कुछ वर्षों के दौरान 5 करोड़ व्यवसायियों के मुख्य अर्थव्यवस्था में शामिल होने और 50 लाख आईओटी डिवाइस से जुडऩे की संभावना है।
एंडॉयड फोन के लिए पेटीएम स्मार्ट पीओएस एक ऐसा एप्लीकेशन है जो स्मार्टफोन को ऐसे डिवाइस में तब्दील करेगा जिससे सामान्य इलेक्ट्रॉनिक डेटा कैप्चर मशीन की तरह ही डेबिट और क्रेडिट कार्ड भुगतान स्वीकार किए जा सकें। पेटीएम फॉर बिजनेस ऐप द्वारा समर्थित, स्मार्ट पीओएस व्यवसायियों को कहीं भी किसी भी समय कॉन्टैक्टलेस कार्ड भुगतान स्वीकार करने में सक्षम बनाएगा। यह भुगतान नियर फील्ड कम्युनिकेशन (एनएफसी) के जरिये होगा।
पेटीएम पर 9 लाख से ज्यादा व्यवसायी उसके आईओटी डिवाइस का इस्तेमाल कर रहे हैं और कंपनी अगले कुछ वर्षों के दौरान करीब 5 करोड़ व्यवसायियों 50 लाख आईओटी डिवाइस से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा की अर्थव्यवसथा में लाना चाही है। अखबारों की खबरों के अनुसार पीओएस व्यवसाय में उसकी बड़ी प्रतिस्पर्धी पाइन लैब्स है और उसका क्लाउड-आधारित प्लेटफॉर्म भारत और मलेशिया के 3,00 शहरों और कस्बों में 3.5 लाख पीओएस टर्मिनलों के साथ काम करता है।
स्मार्ट पीओएस के लिए कार्ड भुगतान आसान बनाने के लिए पेटीएम ने वीजा और मास्टरकार्ड समेत प्रमुख वित्तीय सेवा संस्थानों के साथ भागीदारी की है। पेटीएम ने एक बयान में कहा है कि वह जल्द ही रूपे के साथ इसे जोड़ेगी।
कंपनी ने साउंडबॉक्स 2.0 को भी अपग्रेड किया है। पिछले वर्सन के विपरीत इस नए डिवाइस को डिजिटल केंद्रित स्क्रीन के साथ पेश किया गया है जो चुकाई गई राशि के साथ साथ वॉइस-बेस्ड रेस्पोंस की विजुलल पुष्टि में सक्षम बनाता है। पेटीएम संस्थापक एवं मुख्य कार्याधिकारी विजय शेखर शर्मा ने कहा है कि भले ही डिवाइस के मौजूदा पैक चीन या ताइवान में बनाए गए हैं, लेकिन कंपनी भारत में निर्माण की संभावना तलाशेगी।
कंपनी का कहना है कि उसके पेटीएम फॉर बिजनेस ऐप का इस्तेमाल 1 करोड़ से ज्यादा व्यवसायियों द्वारा किया जाता है।