कंपनियां

ऑनलाइन जालसाजों की अब खैर नहीं, यूपी पुलिस Amazon के साथ मिलकर कसेगी नकेल

Published by
भाषा   
Last Updated- May 30, 2023 | 8:00 PM IST

उत्तर प्रदेश पुलिस और अमेजन इंडिया ने मंगलवार को ऑनलाइन खरीदारी (शॉपिंग) घोटालों के खतरे से निपटने के लिए एक साथ आने की घोषणा की और उपभोक्ता शिक्षा एवं जागरूकता अभियान मिशनग्राहक शुरू किया।

पुलिस मुख्‍यालय द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस और अमेजन इंडिया ने ऑनलाइन खरीदारों को धोखाधड़ी और जालसाजों से बचाने के लिए एक संयुक्त मुहिम की शुरूआत की है।

इसके तहत उत्तर प्रदेश पुलिस और अमेजन इंडिया सुरक्षित खरीदारी और ऑनलाइन जालसाजों को पहचानने के लिए उपभोक्ताओं में जागरुकता बढ़ाएंगे। प्रस्तावित संयुक्त पहल में सोशल मीडिया अभियान, इंटरैक्टिव वर्कशॉप, ऑनलाइन जालसाजी और सेंध को रोकने के लिए जागरुकता गतिविधियां शामिल हैं, जिसमे महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रहेगा।

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्‍यवस्‍था) प्रशांत कुमार ने बताया क‍ि अमेजन और उप्र पुलिस का गठबंधन न केवल हमें ऑनलाइन धोखाधड़ी से लड़ने, बल्कि उन्हें रोकने में भी मदद करेगा। हमारे अभियान, खासकर सोशल मीडिया अभियान उपभोक्ताओं को भरोसे के साथ ऑनलाइन शॉपिंग करने में मदद करेंगे। हमारा गठबंधन उपयुक्त समय पर हुआ है क्योंकि कोविड के बाद ऑनलाइन खरीद में काफी उछाल आया है।

उन्‍होंने कहा कि इस समय उपभोक्ताओं को ज्यादा सतर्क होने की जरूरत है, और इस संयुक्त अभियान से इसमें मदद मिलेगी। बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस और अमेज़न इंडिया ऑनलाइन उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के बारे में मिलकर शिक्षित करने के साथ ही सुरक्षित खरीदारी की विधियों के बारे में जागरुकता बढ़ाएंगे ताकि जालसाजों से सुरक्षा हो सके। इस संयुक्त परियोजना में महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा बढ़ाने पर विशेष प्रयास किये जाएंगे।

First Published : May 30, 2023 | 8:00 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)