नैदानिक कंपनी न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स वित्त वर्ष 2022 के अंत तक 1,000 करोड़ रुपये के राजस्व पड़ाव को पाल कर लेगी। कंपनी ने एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी देश के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र में 10 नई प्रयोगशालाएं स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा कंपनी अमेरिका और यूरोप में टेक्नोलॉजी इनक्यूबेशन सेंटर भी स्थापित करेगी ताकि नई प्रौद्योगिकी तक उसकी पहुंच सुनिश्चित हो सके। इससे विकासशील देशों को व्यक्तिगत चिकित्सा क्षेत्र में सटीक जांच के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी। कंपनी ने करीब 800 करोड़ रुपये के राजस्व के साथ वित्त वर्ष 2021 को अलविदा किया।
न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जीएसके वेलु ने कहा, ‘हम केन्या, तंजानिया, नाइजीरिया और घाना में भी जांच केंद्र खोलने की योजना बना रहे हैं। पश्चिम एशिया में हम कुछ देशों में अपनी प्रयोगशालाएं स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रहे हैं। दुबई में हम अपनी एक नई प्रयोगशाला को चालू कर रहे हैं जो एक केंद्र के तौर पर काम करेगी।’ कंपनी ने वित्त वर्ष 2022 में विस्तार योजनाओं के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
चेन्नई की इस कंपनी ने पाया है कि वैश्विक महामारी के बाद जांच का बोझ 4 से 5 गुना बढ़ गया है। कंपनी सुचारु परिचालन सुनिश्चि करने के लिए विभिन्न पोर्टफोलियो में 1,500 से अधिक लोगों की नियुक्ति की है। न्यूबर्ग के कर्मचारियों की संख्या अब 4,000 के पार हो चुकी है। उसके पास 120 से अधिक प्रयोगशालाएं और 1,200 से अधिक नमूना संग्रह केंद्र हैं। चार देशों में कंपनी की प्रयोगशालाएं हैं जिनमें भारत, अमेरिका, दक्षिण अफ्रीका और यूएई शामिल हैं। पिछले साल मार्च में कंपनी भारत में आईसीएमआर से मान्यताप्राप्त चार प्रयोगशालाओं के साथ परिचालन कर रही थी। वित्त वर्ष 2021 में उसने 14 अन्य प्रयोगशालाओं को अपने नेटवर्क में जोड़ा और फिलहाल वह भारत, अमेरिका एवं दक्षिण अफ्रीका में अपनी 18 प्रयोगशालाओं से आरटी-पीसीआर जांच कर रही है।