सरकारी स्वामित्व वाली दूरसंचार ऑपरेटर कंपनी महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) तीसरी पीढ़ी (3जी) सेवाओं को देश में पेश करने वाली सबसे पहली कंपनी बनेगी।
एमटीएनएल दिल्ली में अपने मौजूदा ग्राहकों को 11 दिसंबर से मुफ्त में 3जी सेवाएं मुहैया कराएगी। दोनों महानगरों में कंपनी मूलभूत 3जी सेवाएं जैसे कि हाई-स्पीड इंटरनेट, ऑडियो और वीडियो और मोबाइल फोन पर लाइव टेलीविजन चैनल जैसी सुविधाएं मुहैया कराएगी।
कंपनी ने पहले ही दिल्ली में अपने 7.5 लाख ग्राहकों को सेवाएं देने की क्षमता तैयार कर ली है और उसकी योजना मुंबई में मार्च 2009 में यह सेवाएं मुहैया कराने की है।
कंपनी पहले ही कई कंटेंट मुहैया कराने वाली कंपनियों के साथ गठजोड़ कर चुकी है और व्यापक स्तर पर सेवाएं देने के लिए कई अन्य कंपनियों से बातचीत कर रही है।
एमटीएनएल के निदेशक (तकनीक) कुलदीप सिंह का कहना है, ‘अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही से हमारे पास अन्य वैल्यु ऐडेड सेवाओं की वैरायटी होगी, उदाहरण के लिए हम एक ऐसे कंटेंट डेवलपर से बात कर रहे हैं, जिसके जरिये हम निगरानी या फिर घर में लगे सुरक्षा कैमरों को भी फोन पर देख पाएंगे जैसी सेवाएं भी मुहैया करा पाएंगे।’
आईपीटीवी की अपनी सेवाओं के बाद एमटीएनएल पहले ही नियो स्पोट्र्स और स्टार न्यूज जैसे चैनलों का पहले ही ट्रायल रन कर चुकी है।
सिंह का कहना है, ‘जब हमें ग्राहकों की प्रतिक्रिया मिल जाएगी और खर्च का सही सही अनुमान हो जाएगा, तब अगले साल मार्च तक हम 3जी पर अधिक सेवाएं और चैनलों की सुविधा मुहैया करा पाएंगे।’ सिंह का कहना है, ‘सेवाओं के लिए अंतिम कीमत तभी तय की जा सकेगी, जब स्पेक्ट्रम की कीमत मालूम हो जाएगी।’
3जी स्पेक्ट्रम के लिए निजी कंपनियों की ओर से बोली लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके अगले साल फरवरी तक पूरे होने की उम्मीद है।
भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और एमटीएनएल को पहले ही स्पेक्ट्रम आवंटित किया जा चुका है, हालांकि बोली की प्रक्रिया में सबसे बोली लगाने वाली कंपनी के कीमत के भुगतान की बराबरी की जानी दोनों दूरसंचार कंपनियों की ओर से अभी बाकी है।
जल्द बजेगी 3जी की घंटी
मिलेंगी हाई-स्पीड इंटरनेट, ऑडियो-वीडियो, मोबाइल फोन पर लाइव टेलीविजन जैसी सुविधाएं
मुंबई में मार्च 2009 में शुरू होगी 3जी सेवा
कंटेंट मुहैया कराने वाली कंपनियों के साथ गठजोड़
नियो स्पोट्र्स, स्टार न्यूज के साथ पूरा हुआ ट्रायल रन