कंपनियां

Inox Wind Energy ने कर्ज घटाने के लिए हिस्सेदारी बेचकर जुटाए 900 करोड़ रुपये

शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, यह आईनॉक्स विंड लिमिटेड में बाह्य ऋण को पूरी तरह से खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 29, 2024 | 3:19 PM IST

पवन ऊर्जा समाधान प्रदाता आईनॉक्स विंड एनर्जी ने आईनॉक्सजीएफएल समूह की अनुषंगी कंपनी आईनॉक्स विंड लिमिटेड (Inox Wind Energy) के शेयर बेचकर 900 करोड़ रुपये जुटाए हैं। शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, यह आईनॉक्स विंड लिमिटेड में बाह्य ऋण को पूरी तरह से खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आईनॉक्स विंड भारत की अग्रणी पवन ऊर्जा समाधान प्रदाता है, जबकि आईनॉक्स विंड एनर्जी लिमिटेड (आईडब्ल्यूईएल), आईनॉक्स विंड लिमिटेड के प्रवर्तकों में से एक है। जुटाई गई धनराशि का इस्तेमाल आईनॉक्स विंड के कर्ज को कम करने तथा कंपनी की कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। इससे इसका बही-खाता मजबूत हो सकेगा।

आईडब्ल्यूईएल ने मंगलवार शाम को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ यह लेनदेन शेयर बाजार में लेनदेन के जरिये पूरा किया गया है। इसमें कई प्रमुख संस्थागत निवेशकों ने हिस्सा लिया।’’ आईनॉक्स विंड का शुद्ध बाह्य ब्याज ऋण 31 मार्च, 2024 तक 655 करोड़ रुपये था।

First Published : May 29, 2024 | 3:19 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)