कंपनियां

‘हमें सचमुच बहुत अफसोस है’, फ्लाइट कैंसिल होने के बाद IndiGo ने मांगी माफी; रिफंड, री-शेड्यूल का दिया विकल्प

एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि उन्हें सचमुच इस बात का बहुत अफसोस है और वो यात्रियों का पूरा ख्याल रखने के लिए काम कर रही है

Published by
व्रिंदा गोयल   
Last Updated- December 05, 2025 | 5:01 PM IST

लो-कॉस्ट एयरलाइन IndiGo ने शुक्रवार को बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द होने और परेशानियों के लिए यात्रियों से माफी मांगी। साथ ही कैंसिलेशन पर पूरा रिफंड और कई तरह की छूट देने का ऐलान किया। आधिकारिक बयान में IndiGo ने यात्रियों को हुई तकलीफ के लिए खेद जताया। एयरलाइन ने कहा, “हमें सचमुच इस बात का बहुत अफसोस है और हम आपका पूरा ख्याल रखेंगे!”

IndiGo ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गंभीर ऑपरेशनल संकट की वजह से यह दिक्कत आई है। कई यात्री एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करते रहे और उन्हें सही जानकारी भी नहीं मिल पाई। सिस्टम को रीबूट करने और धीरे-धीरे नॉर्मल ऑपरेशन शुरू करने के लिए अचानक कई फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं।

यात्रियों के लिए IndiGo ने क्या-क्या सुविधाएं दीं?

एयरलाइन ने परेशान यात्रियों की मदद के लिए कई कदम उठाए हैं:

  • रिफंड: कैंसिल हुई सभी फ्लाइट्स का पूरा पैसा अपने आप उसी तरीके से वापस कर दिया जाएगा, जिससे बुकिंग हुई थी।
  • कैंसिलेशन और री-शेड्यूल में छूट: 5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक की यात्रा के लिए कैंसिल या डेट बदलने पर कोई चार्ज नहीं।
  • होटल और गाड़ी की व्यवस्था: देश भर के शहरों में हजारों होटल रूम और सड़क परिवहन की व्यवस्था की जा रही है।
  • खाना-पीना: एयरपोर्ट पर जितना हो सके खाना और स्नैक्स दिए जा रहे हैं।
  • बुजुर्ग यात्रियों के लिए खास मदद: जहां भी संभव हो, लाउंज एक्सेस दिया जा रहा है।

Also Read: DGCA का यूटर्न! वापस लिया नया ‘वीकली रोस्टर’ नियम, कहा: ऑपरेशन में दिक्कत के चलते लिया फैसला

यात्रियों से IndiGo ने क्या अपनी की?

IndiGo ने सभी यात्रियों से अपील की है कि बेवजह एयरपोर्ट न जाएं और पहले घर बैठे जानकारी लें:

  • ऑनलाइन फ्लाइट स्टेटस चेक करें और नोटिफिकेशन फॉलो करें, तभी एयरपोर्ट आएं।
  • कॉन्टैक्ट सेंटर पर लंबा वेट हो सकता है, धैर्य रखें – हमने टीम बढ़ा दी है।
  • IndiGo का AI असिस्टेंट 6Eskai इस्तेमाल करें – फ्लाइट स्टेटस, रिफंड और नई बुकिंग में मदद मिलेगी: goIndiGo.in/6Eskai

कब तक सब नॉर्मल हो जाएगा?

एयरलाइन ने बताया कि आज (शुक्रवार) कैंसिलेशन का सबसे ज्यादा दिन रहेगा क्योंकि सिस्टम और शेड्यूल को पूरी तरह रीसेट किया जा रहा है। आने वाले दिनों में धीरे-धीरे सुधार होगा। DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ मिलकर टीम दिन-रात काम कर रही है ताकि जल्द से जल्द सब सामान्य हो जाए।

IndiGo ने वादा किया कि जल्द ही बेहतरी साफ दिखने लगेगी और यात्रियों का भरोसा फिर से जीतने की पूरी कोशिश की जाएगी। एयरलाइन ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा, “हमारी फ्रंटलाइन टीम और पूरा स्टाफ नॉर्मल ऑपरेशन बहाल करने और हर यात्री की इज्जत व प्यार से मदद करने में जुटा है। इस मुश्किल वक्त में आपके धैर्य, समझदारी और प्यार के लिए शुक्रिया। हम लगातार अपडेट देते रहेंगे।”

First Published : December 5, 2025 | 4:50 PM IST