हैथवे केबल डेटाकॉम की शेयर बिक्री की पेशकश को ज्यादा आवेदन मिले, जिससे प्रवर्तक रिलायंस इंडस्ट्रीज की अगुआई वाली फर्मों को केबल ब्रॉडबैंड सेवा प्रदाता में अपनी हिस्सेदारी घटाने में मदद मिली, जो 25 फीसदी न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता के नियमों का अनुपालन करना चाहती हैं। 11.61 फीसदी हिस्सेदारी यानी 20.5 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 27.9 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली और खुदरा व गैर-खुदरा श्रेणी में ज्यादा आवेदन मिले।
बीएसई के आंकड़ों से यह जानकारी मिली। ज्यादातर बोली 21.5 रुपये के फ्लोर प्राइस पर मिली, जिससे प्रवर्तक को करीब 441 करोड़ रुपये जुटाने में मदद मिली। हैथवे में अपनी हिस्सेदारी घटाने की जियो की यह दूसरी कोशिश है। पिछले महीने 25.3 रुपये के फ्लोर प्राइस पर महज 39 फीसदी आवेदन मिले थे। हिस्सेदारी बिक्री से पहले हैथवे में प्रवर्तक हिस्सेदारी 86.61 फीसदी थी।
अमेरिकी कंपनियों के सीईओ करेंगे कोविड से लडऩे में मदद
एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अमेरिकी की 40 अग्रणी कंपनियों के सीईओ भारत को कोविड-19 से लडऩे में मदद की खातिर संसाधन जुटाने के लिए वैश्विक टास्कफोर्स बनाने के लिए एक साथ आए हैं। यूएस-इंडिया बिजनेस काउंसिल ऑफ अमेरिकी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स और यूएस-इंडिया स्ट्रैटिजिक ऐंड पार्टनरशिप फोरम ऐंड बिजनेस राउंडटेबल की सामूहिक पहल के तहत टास्क फोर्स ने सोमवार को आयोजित बैठक में अगले कुछ हफ्तों में भारत को 20,000 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर देने की प्रतिबद्धता जताई है। डेलॉयट के सीईओ पुनीत रंजन ने यह जानकारी दी। अमेरिका की नई पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप भारत को अहम मेडिकल आपूर्ति करेगी, जिसमें टीके, ऑक्सीजन और अन्य जीवन रक्षक सहायता शामिल है। एजेंसियां