हवाईअड्डा, ऊर्जा, सड़क और खनन के क्षेत्र में सक्रिय कंपनी जीवीके पावर ऐंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (जीवीकेपीआईएल) सड़क और ऊर्जा क्षेत्र के कारोबार में विनिवेश की तैयारी कर रही है।
इन दो क्षेत्रों की 49 फीसदी तक हिस्सेदारी बेचने के लिए ये कंपनी दूसरे पांच कंपनियों से बातचीत कर रही है। जीवीकेपीआईएल के मुख्य वित्तीय अधिकारी जॉर्ज ए. आइजक ने कहा, ”बातचीत अभी शुरू ही हुई है और कोई नतीजा आने में कुछ वक्त लगेगा।”
जीवीकेपीआईएल के साथ जुड़ने में कुछ विदेशी कंपनियों ने भी दिलचस्पी दिखाई है। जीवीकेपीआईएल एक सूचीबद्ध कंपनी है। इसके पास ऊर्जा ईकाइयों का स्वामित्व तो है ही साथ में यह खुद और अपनी अनुषांगिक सहयोगियों के जरिए इन ईकाइयों का परिचालन और रख-रखाव भी करती है।
उन्होंने कहा, ”कंपनी साझेदार तलाशने को लेकर बहुत चिंतित नहीं है। हम तब ही अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे जब हमें आकर्षक प्रस्ताव मिलेगा।”