बेंगलूरु स्थित मोबाइल विज्ञापन नेटवर्क इनमोबी ग्रुप के स्वामित्व वाले दुनिया के प्रख्यात लॉक-स्क्रीन प्लेटफॉर्म ग्लांस ने प्रौद्योगिकी दिग्गज गूगल और सिलिकन वैली के अरबपति पीटर थील की मिथरिल कैपिटल (कंपनी में मौजूदा निवेशक) से 14.5 करोड़ डॉलर की पूंजी जुटाई है।
पेपल और बिग डेटा फर्म प्लांटिर टेक्नोलॉजीज के सह-संस्थापक थील को फेसबुक, एयरबीएनबी, और स्पेसएक्स में निवेश के लिए जाना जाता है।
उद्योग के सूत्रों का कहना है कि नए वित्त पोषण राउंड से 18 महीने पुरानी ग्लांस को यूनिकॉर्न (या 1 अरब डॉलर से ज्यादा वैल्यू वाल स्टार्ट-अप) दर्जा हासिल करने वाली कंपनी बनने में मदद मिली है।
इनमोबी वर्ष 2011 में सॉफ्टबैंक से 20 करोड़ डॉलर का निवेश प्राप्त करने के बाद भारत की पहली यूनिकॉर्न बन गई थी।
ग्लांस नई निवेश राशि का इस्तेमाल अपनी आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) क्षमता बढ़ाने के लिए करेगी, जिसमें रोपोसो भी शामिल है। रोपोसो इस कंपनी के स्वामित्व वाला तेजी से बढ़ रहा वीडियो-शेयरिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। कंपनी अपनी टेक टीम का विस्तार करेगी, प्लेटफॉर्म पर सेवाएं शुरू करेगी, ब्रांड को और ज्यादा मजबूत बनाएगी, और वैश्विक बाजारों में विस्तार पर ध्यान केंद्रित करेगी।
गूगल के उपाध्यक्ष सीजर सेनगुप्ता ने कहा, ‘ग्लांस मोबाइल-फस्र्ट और मोबाइल-ओनली कंजम्पशन के लिए नवाचार समाधान का शानदार उदाहरण है और वह भारत की कई स्थानीय भाषाओं में कंटेंट मुहैया करा रही है।’
सेनगुप्ता ने कहा, ‘अभी भी कई भारतीयों को अपनी स्वयं की भाषा में गोपनीयता के साथ पढऩे या सेवाएं तलाशने में समस्या का सामना करना पड़ता है। इससे उनके लिए इंटरनेट की वैल्यू सीमित हुई है, खासकर ऐसे समय में जब इंटरनेट ज्यादातर लोगों की जिंदगी बन गया है। यह निवेश भारत के नवीनतम स्टार्ट-अप के साथ कार्य करने के हमारे मजबूत भरोसे को दर्शाता है।’
ग्लांस एंड्रॉयड स्मार्टफोन के लॉक स्क्रीन पर अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगू समेत कई भाषाओं में एआई-केंद्रित व्यक्तिगत कंटेंट मुहैया कराती है।
11.5 करोड़ से ज्यादा दैनिक उपयोगकर्ताओं (जो प्रति दिन करीब 25 मिनट बिताते हैं) के साथ, ग्लांस दुनिया में सबसे बड़े डिजिटल कंज्यूमर प्लेटफॉर्मों में शुमार हो गई है।
ग्लांस तेजी से बढ़ रहे वीडियो-शेयरिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रोपोसो की भी मालिक है। यह 3.3 करोड़ मासिक उन सक्रिय उपयोगकर्ताओं के साथ भारत का प्रमुख शॉर्ट-फॉर्म वीडियो प्लेटफॉर्म है, जो 10 से ज्यादा भाषाओं में विभिन्न वर्गों के कंटेंट का इस्तेमाल करने में कम से कम 20 मिनट हर दिन बिताते हैं। रोपोसो ऐप को गूगल प्ले स्टोर पर 10 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड किया जा चुका है।
ग्लांस और इनमोबी गु्रप के संस्थापक एवं मुख्य कार्याधिकारी नवीन तिवारी ने कहा, ‘ग्लैंस स्मार्टफोन पर डिजिटल खपत के भष्यि को पुनर्परिभाषित कर रही है। हम ग्लैंस और रोपोसो में गूगल को महत्वपूर्ण निवेशक के तौर पर शामिल कर बेहद उत्साहित हैं। देश में दो सबसे बड़े डिजिटल कंटेंट प्लेटफॉर्मों के साथ हमने भारत और वैश्विक तौर पर अगले एक अरब उपयोगकर्ताओं के लिए डिजिटल इकोनॉमी को सुलभ बनाने पर जोर दिया है।’