सरकारी क्षेत्र की कंपनी गेल (इंडिया) ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने 1,046.35 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की पुनर्खरीद करेगी। कंपनी का कहना है कि वह इस समय अपने पास अतिरिक्त पूंजी को शेयर क्रय कार्यक्रम के माध्यम से शेयरधारकों को वापस करना चाहती है।
कंपनी में भारत सरकार की 51.76 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी ने शेयर बाजारों को सूचित किया है कि उसके निदेशक मंडल ने शेयर खरीद कार्यक्रम के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत 150 रुपये के भाव से कुल 6.97 करोड़ शेयर खरीदे जाएंगे। यह संख्या कंपनी के कुल चुकता शेयरों के 1.55 फीसदी के बराबर है। कंपनी ने 2020-21 के लिए 25 फीसदी अंतरिम लाभांश देने की भी घोषणा की है। यह प्रति शेयर 2.25 रुपये होगा। पुनर्खरीद में सरकार भी भाग लेगी और अपने शेयर बेचेगी। सरकार को लाभांश के 583.6 करोड़ रुपये प्राप्त होगे और कंपनी के शेयर पुनर्खरीद कार्यक्रम में उसी अनुपात में शेयर कंपनी को वापस बेचने से उसे 541.5 करोड़ रुपये प्राप्त हो सकते हैं। शेयर खरीद के लिए रखी गई रकम कंपनी की चुकता शेयर पूंजी और मुक्त आरक्षित कोष के क्रमश: 2.5 फीसदी और 2.26 फीसदी के बराबर है। सरकार ने चालू वित्त वर्ष में सार्वजनिक उपक्रमों में विनिवेश से 2.1 लाख करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।