टेलीविजन चैनल ईएसपीएन स्टार स्पोट्र्स के लिए सारे दरवाजे अभी बंद नहीं हुए हैं।
उसके पास अगले आईसीसी चैंपियंस लीग टूर्नामेंट को 10 वर्षीय सालाना क्रिकेट क्लब चैंपियनशिप का पहला टूर्नामेंट मानते हुए उसका प्रसारण दिखाए जाने का विकल्प मौजूद है।
इस खेल चैनल के पास स्थगित हो गए पहले ट्वेंटी20 क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रसारण अधिकार थे।
सूत्रों का कहना है कि अगर भारतीय क्रिकेट टीम का जनवरी 2009 में पाकिस्तानी दौरा किसी वजह से रुक भी जाता है तो ऐसे वक्त में चैंपियन लीग को उस समय कराने का विकल्प भी है।
अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के प्रावधानों की जानकारी रखने वाले एक सूत्र का कहना है, ‘हालांकि, जनवरी के बाद चैंपियंस लीग को प्रसारित करने में काफी मुश्किल आएगी और अगले साल होने वाले टूर्नामेंटों को 10 साल के करार के पहले कार्यक्रमों की तरह तरजीह दी जाएगी।’
चैंपियंस लीग के पहले टूर्नामेंट में विज्ञापनों से लगभग 280 करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है, जिसके लिए ईएसपीएन स्टार स्पोट्र्स ने तकरीबन 4,875 करोड़ रुपये अगले 10 सालों के लिए प्रसारण अधिकार हासिल करने के शुल्क के रूप में दिए हैं।
सप्ताह भर चलने वाले टूर्नामेंट को 4 दिसंबर से मुंबई से शुरू होना था। लेकिन आतंकी हमलों के बाद इसे टाल दिया गया है।