हीरे का ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 07, 2022 | 11:03 PM IST

ऑनलाइन शॉपिंग के देश में बढ़ते प्रचलन के बीच अब हीरों की खरीद के लिए भी पोर्टल आ गया है।


कैरटलेन डॉट कॉम नाम का यह पोर्टल हीरों और हीरे से बने आभूषणों की ऑनलाइन खरीद के लिए देश का पहला पोर्टल है। आभूषण बेचने वाली रिटेल शृंखला जयपुर जेम्स के निदेशक मिथुन सचेती और सूचना प्रौद्योगिकी उद्यमी श्रीनिवास गोपालन के इस पोर्टल में दुनिया भर के हीरा निर्माताओं के उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सचेती ने बताया कि इस पोर्टल के जरिये हीरों को चुनने और उनके साथ आभूषण चुनने की सुविधा मौजूद है। इसमें हीरों की कीमत केवल 15,000 रुपये से शुरू हो जाती है। सचेती ने बताया, ‘पारंपरिक आभूषण विक्रेताओं के पास कई बार हीरे की गुणवत्ता के बारे में कोई गारंटी नहीं होती।

इसके अलावा वहां आभूषण बनाने में वक्त भी लग जाता है। लेकिन इस पोर्टल के जरिये खरीद का ऑर्डर देने के बाद सात दिन के भीतर आभूषण या हीरा खरीदार तक पहुंच जाता है।’ उन्होंने बताया कि कैरटलेन के सभी हीरों के साथ अमेरिका, बेल्जियम और एंटवर्प की अंतरराष्ट्रीय प्रयोगशालाओं के प्रमाणपत्र भी मिलते हैं। इसके अलावा इस पर हीरों की कीमत भी आभूषण विक्रेताओं के मुकाबले 25 फीसद कम होती है।

श्रीनिवास गोपालन ने बताया कि उनकी कंपनी सीधे हीरा और आभूषण निर्माताओं से आभूषण लेकर ग्राहक तक पहुंचाती है। उसमें डीलर या दलाल का दखल नहीं होता, जिसके कारण लागत कम रखने में मदद मिलती है।

आभूषणों के निर्माण के लिए कंपनी के मुंबई और बेंगलुरु में संयंत्र भी हैं। सचेती ने कहा कि उनकी कंपनी युवा पेशेवरों को अपना मुख्य ग्राहक वर्ग मानती है, इसी वजह से हीरों की कीमत कम रखी गई है।

First Published : October 8, 2008 | 12:15 AM IST