वित्तीय सेवाओं के हर एक क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज क रने के बाद आदित्य बिड़ला समूह की वित्तीय सेवा प्रदाता इकाई आदित्य बिड़ला फाइनैंशियल सर्विसेस अब ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पैठ बढ़ाने की रणनीति बना रही है।
उल्लेखनीय है कि कंपनी का जीवन बीमा और म्युचुअल फंड में कारोबार अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले काफी तेजी से बढ़ा है। उल्लेखनीय है कि कंपनी को प्राइवेट इक्विटी कारोबार शुरू करने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से अनुमति मिल चुकी है। कंपनी मौजूदा तिमाही में अपना पहला पीई कारोबार शुरू करने जा रही है और इससे करीब 1,200 करोड रुपये जुटाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों तक अपने कारोबार ले जाने की रणनीति का खुलासा करते हुए आदित्य बिड़ला समूह के वित्तीय सेवा के मुख्य कार्यकारी अजय श्रीनिवासन का कहना है कि पिछले एक साल से ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबार को बढ़ाने को लेकर हमारी दिलचस्पी काफी बढ़ी है क्योंकि हमारे मुताबिक इन क्षेत्रों में कारोबार की अपार संभावनाएं हैं और अभी तक इन संभावनाओं का इस्तेमाल नहीं हो पाया है।
बकौल श्रीनिवासन ग्रामीण क्षेत्रों में कारोबार करन को लेकर कि सी ने अभी तक गहराई तक नहीं सोचा है लेकिन इन क्षेत्रों में कारोबार के बेहतर मौके हैं। श्रीनिवासन ने कहा कि कंपनी इन क्षेत्रों में थर्ड पार्टी वितरण की शुरूआत करने की योजना बना रही है जो नियमित उत्पादों की बिक्री करेंगे।
इधर 31 दिसंबर 2008 तक की नौ महीने की अवधि के दौरान कंपनी ने 3,043 करोड रुपये का कंसोलिडेट राजस्व अर्जित किया है जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 2,016 करोड रुपये था। कंपनी के प्रदर्शन पर श्रीनिवासन ने कहा कि हम देश में अपने कारोबार को लेकर काफी उत्साहित हैं और आगे भी कारोबार की बेहतर संभावनाएं हैं।