देश की सबसे बड़ी स्पिरिट कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स ने तमिलनाडु की बालाजी डिस्टिलरीज (बीडीएल) का अधिग्रहण कर लिया है।
विजय माल्या के यूबी समूह की इस कंपनी ने तमिलनाडु में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए यह सौदा किया है। विलय की यह प्रक्रिया करीब 420 करोड़ रुपये की होगी और यह 1 अप्रैल, 2009 से प्रभावी होगी।
बीडीएल के 14 करोड़ शेयरों को यूनाइटेड स्पिरिट के शेयरों में बदला जाएगा। यूनाइटेड स्पिरिट और बीडीएल के शेयरों का अनुपात 2:55 रखा गया है और यूएसएल के एक शेयर का भाव 830 रुपये है, इस तरह से बीडीएल की कीमत 420 करोड़ रुपये के करीब आंकी गई है।
वर्ष 1983 से ही बीडीएल यूबी समूह के लिए कॉन्ट्रैक्ट उत्पादन इकाई के तौर पर काम करती आई है। बीडीएल की तमिलनाडु में एक डिस्टिीलरी और एक ब्रेवरीज इकाई है। इस ब्रेवरीज इकाई में सालाना 1 करोड़ केस और 90 लाख दर्जन की उत्पादन क्षमता है।
इस सौदे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यूबी समूह के अध्यक्ष विजय माल्या ने कहा कि इस विलय से यूएसएल की आय का ग्राफ ऊपर चढ़ेगा। यूबी समूह तमिलनाडु में हर साल 1.2 करोड़ स्पिरिट और बीयर बेचती है और इसमें सालाना 15 फीसद की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
यूएसएल के मुनाफे में राज्य का पांचवा सबसे अधिक योगदान रहता है। राज्य में महंगे ब्रांडों में यूएसएल की बाजार में हिस्सेदारी करीब 51 फीसद है।
यूबी समूह के ब्रेवेरीज कारोबार में तमिलनाडु की हिस्सेदारी 18 फीसद के करीब है और राष्ट्रीय स्तर पर यह हिस्सेदारी लगभग 19 फीसद है।