ऑस्ट्रेलियाई वित्तीय सेवा प्रदाता नैशनल ऑस्ट्रेलिया बैंक (नैब) ने सत्यम कंप्यूटर के साथ अपने सभी ‘शुरुआती चरण’ के कामों को रद्द कर दिया है।
बैंक का कहना है कि वह सत्यम की भावी तस्वीर स्पष्ट नहीं होने तक कंपनी के साथ काम नहीं करेगा। हालांकि बैंक 2007 और 2008 में सत्यम को दी गई परियोजनाओं को जारी रखेगा। नैब के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘जब तक सत्यम का भविष्य साफ नहीं हो जाता, नैब सत्यम को दिए गए कामों को, जो मौजूदा समय में शुरुआती चरण में हैं, रद्द करेगा।’
अधिकारी ने बताया कि बैंक सत्यम को 2007 और 2008 में दिए गए एप्लिकेशन विकास और रखरखाव के काम को जारी रखेगा। हालांकि सत्यम कंप्यूटर ने अपने कर्मचारियों को एक आंतरिक पत्र के जरिये यह जानकारी दी है कि सत्यम को पूरा विश्वास है कि नैब के साथ कंपनी के चार वर्षों से चले आ रहे रिश्ते हमेशा की तरह काफी इस बार भी काफी मजबूत हैं और वह नैब के 6 रणनीतिक आईटी साझेदारों में से एक बनी रहेगी।
कंपनी का कहना है, ‘नैब और सत्यम ने दो महीने पहले शुरू हुए आईटीओ एडीएम वेव 2 वाली परियोजना को रद्द करने का फैसला लिया है। नियामक अनिवार्यताओं के चलते ऐसा करना काफी जरूरी हो गया था। नैब के साथ बाकी की मौजूदा चार परियोजनाओं पर पहले की तरह काम चलता रहेगा।’
वेव 2 आईटीओ का काम जिसे रद्द कर दिया गया है वह नैब के आंतरिक आईटी दल को सौंप दिया जाएगा।