एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स (एएसपीएच) ने 320 कमरों के लिए एक प्रबंधन अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इन कमरों को 2021 में उसके विभिन्न ब्रांड के तहत लॉन्च किया जाएगा। इन ब्रांडों में द पार्क कलेक्शन, जोन बाय द पार्क और हाल ही में लॉन्च किए गए जोन कनेक्ट शामिल हैं।
एएसपीएच के पास चार प्रमुख ब्रांड: द पार्क होटल्स, द पार्क कलेक्शन, जोन बाय द पार्क और जोन कनेक्ट हैं। जोन कनेक्ट उसके जोन बाय द पार्क पोर्टफोलियो के तहत सीमित सेवा वाला ब्रांड है। इसे कोयंबटूर, गोवा, पोर्ट ब्लेयर और तिरुपति में प्रबंधन अनुबंध के तहत चार होटलों के साथ लॉन्च किया गया है।
एएसपीएच के प्रबंध निदेशक विजय दीवान ने कहा, ‘ये होटल 2021 की पहली छमाही में खुलने वाले हैं।’ इसके अलावा एसपीएच ने दीपापुर में जोन बाय द पार्क ब्रांड के तहत एक होटल और पटियाला के किला मुबारक में पंजाब सरकार के पर्यटन विभाग के साथ मिलकर द पार्क कलेक्शन ब्रांड के तहत एक होटल के लिए करार पर हस्ताक्षर किए हैं।
दीवान ने कहा, ‘हम लेह में भी एक प्रॉपर्टी को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं। इसलिए हमने जोन कनेक्ट, जोन बाय द पार्क और द पार्क कलेक्शन ब्रांड के तहत कुल मिलाकर
320 कमरों के लिए अनुबंध किया है।’
अन्य तमाम होटल कंपनियों की तरह एएसपीएच भी ऐसेट लाइट मॉडल के तहत कारोबार बढ़ा रही है। फिलहाल उसके खुद के स्वामित्व वाले होटलों और प्रबंधित होटलों का अनुपात 60:40 है लेकिन अगले तीन वर्षों के दौरान वह इसे पलटने की योजना बना रही है। इस प्रकार कंपनी प्रबंधित परिसंपत्तियों पर अधिक ध्यान दे रही है।
दीवान ने कहा, ‘हम प्रबंधित प्रॉपर्टी के लिए कदम बढ़ा रहे हैं और इसलिए अगले तीन वर्र्षों के दौरान यह अनुपात उलट जाएगा। इसलिए हमारे पोटफोलियो में प्रबंधित संपत्ति की हिस्सेदारी 60 फीसदी होगी और खुद के स्वामित्व वाली संपत्ति की हिस्सेदारी 40 फीसदी।’
हालांकि इसके बावजूद कंपनी होटलों का निर्माण जारी रखेगी। कंपनी पुणे में अपनी परियोजना को दोबारा शुरू करने की योजना बना रही है।