कमोडिटी

भारत-पाकिस्तान तनातनी के बीच तुर्किये से सेब आयात पर प्रतिबंध की मांग, भारतीय उत्पादकों का बड़ा कदम

व्यापार सूत्रों के अनुसार वर्ष 2023-24 में भारत ने तुर्किये से रिकॉर्ड लगभग 1,60,000 टन सेब का आयात किया।

Published by
संजीब मुखर्जी   
Last Updated- May 13, 2025 | 11:24 PM IST

सेब उत्पादक तुर्किये से इस फल के आयात पर प्रतिबंध की मांग कर रहे हैं। इसके लिए वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मिलने की योजना बना रहे हैं। सीमा पर संघर्ष के दौरान उसने कथित तौर पर पाकिस्तान के साथ समर्थन जताया था। इसी कारण उसके खिलाफ देश में रोष उभर रहा है। भारत सालाना तुर्किये समेत 40 देशों से लगभग 3 लाख से 5 लाख टन सेब का आयात करता है। व्यापार सूत्रों के अनुसार वर्ष 2023-24 में भारत ने तुर्किये से रिकॉर्ड लगभग 1,60,000 टन सेब का आयात किया। 

हिल स्टेट हॉर्टिकल्चर फोरम और हिमाचल प्रदेश किसान संयुक्त मंच के संयोजक हरीश चौहान ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया, हाल के भारत-पाकिस्तान संघर्ष में तुर्किये की भूमिका भारत के लिए प्रतिकूल रही है। यही वजह है कि हमने सरकार से उस देश से सभी बागवानी आयात रोकने का अनुरोध करने का फैसला किया है।’ यह बागवानी फोरम हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के सेब उत्पादकों का संयुक्त मंच है। उन्होंने कहा कि तुर्किये से आने वाली कुछ अन्य बागवानी फसलों जैसे चेरी और अन्य फलों के आयात पर भी तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

First Published : May 13, 2025 | 10:47 PM IST