जर्मनी के वाहन क्षेत्र के दिग्गज बीएमडब्ल्यू ग्रुप ने पिछले सप्ताह चेन्नई की अपनी विनिर्माण इकाई में मिनी की बिल्कुल नई कंट्रीमैन सी एसयूवी पेश करने का ऐलान किया था। बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्य अधिकारी हरदीप सिंह बराड़ ने शाइन जेकब के साथ बातचीत में छोटे शहरों के बढ़ते बाजार, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की बढ़ती हिस्सेदारी और भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के बारे में चर्चा की। प्रमुख अंश …
फिलहाल हम देश के लगभग 40 शहरों में मौजूद हैं। इस साल के अंत तक हमारा लक्ष्य 50 शहरों तक पहुंचना है। मैं मझोले और छोटे शहरों को ग्रामीण बाजार नहीं कहना चाहूंगा। बीएमडब्ल्यू के मामले में देश के शीर्ष 10 शहर हमारी बिक्री में लगभग 75 प्रतिशत का योगदान करते हैं। बाकी देश की हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत है। मैं हर साल इन मझोले और छोटे बाजारों की हिस्सेदारी में लगभग 3 से 4 प्रतिशत की वृद्धि देख रहा हूं।
दो साल पहले हमारे समूचे वाहन पोर्टफोलियो में ईवी बिक्री की हिस्सेदारी मुश्किल से 8 प्रतिशत थी। अब हम 26 प्रतिशत पर हैं। हमारा लक्ष्य हरेक और उन सभी श्रेणियों में ईवी पेश करना है, जहां हम वर्तमान में मौजूद हैं। डीजल से ईवी की ओर एक बड़ा बदलाव हो रहा है और इसलिए हम आपूर्ति बढ़ा रहे हैं। वर्तमान में हमारे पास इस श्रेणी में दो बड़े वाहन हैं। एक शुरुआती स्तर में आईएक्स1 है और दूसरा सेवन सीरीज (पूरी तरह से इलेक्ट्रिक अल्ट्रा-लक्जरी सिडैन) है, जो दोनों छोरों पर हैं।
इन दोनों श्रेणियों में हमारी हिस्सेदारी 50 प्रतिशत है। ये वे श्रेणियां हैं जिनमें हमारी पूरी मौजूदगी है। अगर हमारे सभी वाहनों को एक साथ रखा जाए, तो ईवी में हमारी हिस्सेदारी लगभग 26 प्रतिशत है। इस श्रेणी से और भी ज्यादा मांग आ रही है। यह लगभग 30 प्रतिशत तक हो सकती है। अलबत्ता आपूर्ति बढ़ाने में समय लगता है। पिछले कुछ महीनों में इसमें वाकई बढ़ोतरी हुई है। इसलिए हम ग्राहक की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उसी हिसाब से आपूर्ति कर रहे हैं। तेल-गैस इंजन वाले वाहनों में भी हम किसी प्रतिशत के पीछे नहीं जा रहे हैं। हम बस रुझान के साथ चल रहे हैं।
बिल्कुल, क्योंकि जब ईंधन की कीमतों में लगभग 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो स्वाभाविक रूप से ग्राहक के मन में कुछ संदेह पैदा हो जाता है। जब मैं यूरोप और भारत को देखता हूं, तो एक या दो साल पहले ईंधन की कीमतें समान थीं। हम लगभग 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर थे और उनकी 1 यूरो थी। अब वे 2 यूरो तक पहुंच गए हैं। हम अब भी लगभग 108 रुपये पर हैं। लेकिन हमारी संवेदनशीलता कहीं अधिक है।
भारतीय उपभोक्ता और ज्यादा ईवी खरीदने पर विचार कर रहा है क्योंकि कोई भी अनिश्चितता में नहीं जीना चाहता। कल्पना कीजिए, कल अगर यह 115 रुपये हो जाता है, तो पेट्रोल और डीजल वाले ग्राहक क्या करेंगे? लेकिन आज ईवी रखने से आपको निश्चितता मिलती है। मुझे लगता है कि निश्चितता वही है जो ग्राहक चाहता है।
मुझे लगता है कि बीएमडब्ल्यू की आपूर्ति श्रृंखला वैश्विक स्तर पर बहुत सुव्यवस्थित है। बीएमडब्ल्यू और नियमित कंपनियों के पास सर्वाधिक प्रतिशत है। मुझे लगता है कि वैश्विक स्तर पर हमारी 17 प्रतिशत हिस्सेदारी ईवी से आती है। ईवी पर हमारा काफी ध्यान है, जिसमें एक सुव्यवस्थित आपूर्ति श्रृंखला भी है। इसलिए भारत में बदलाव भी बहुत अच्छा रहा है, जो दो साल पहले 8 प्रतिशत था, पिछले साल 21 प्रतिशत और अब 26 प्रतिशत है।
इस साल हमारी योजना 26 नए मॉडल उतारने की है, जिनमें से 10 वास्तव में बड़े बदलाव वाले होंगे। इनमें मिनी कंट्रीमैन भी शामिल है जिसे हमने बाजार में उतार दिया है।