दस सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने गर्मजोशी से तस्लीमुद्दीन का एक बार फिर से पार्टी में स्वागत किया। बिहार विधानसभा चुनावों से ठीक पहले जुलाई 2010 में राजद का दामन छोड़कर तस्लीमुद्दीन जदयू में शामिल हो गये थे।
राजद खेमे में वापसी के अपने निर्णय को न्यायोचित ठहराते हुए किशनगंज के पूर्व सांसद ने कहा , नीतीश कुमार 100 प्रतिशत झूठे हैं। सीमांचल के जिलों के विकास के लिए उन्होंने जो वायदे मुझसे किये थे उसे पूरा नहीं किया ।
उन्होंने कहा कि वह राजद के सिद्धांतों और नीतियों में अपने विश्वास और विचारधारा के कारण राजद में वापसी कर रहे हैं। यह सत्ता में वापसी के लालच के लिए किसी प्रकार से नहीं है।
अपने पुत्र सरफराज आलम के बारे में पूछे जाने पर तस्लीमुद्दीन ने कहा , आलम अपना फैसला लेने में सक्षम है। उसे क्या करना है इसका फैसला वह स्वयं करेगा।