ब्रिटनी स्पीयर्स के पारिवारिक वकील ने कहा है कि लगभग एक दशक पहले जस्टिन टिंबरलेक के साथ अपने रिश्ते खत्म होने के बाद से ही ब्रिटनी स्पीयर्स टूटना शुरू हो गई थीं।
ब्रिटनी के पूर्व प्रबंधक सैम लुत्फी ने गायिका और उनके माता पिता पर अनुबंध तोड़ने के आरोप लगाये थे और मानहानि का मुकदमा किया था, जिस पर ब्रिटनी के वकील ने यह बात कही।
ई ऑनलाईन की खबर के अनुसार, एक दशक पहले इन दोनों के रिश्ते टूट गए थे, जिसके बाद ब्रिटनी ने दो बार शादी भी की। वर्ष 2008 में ब्रिटनी पूरी तरह बिखर गईं और इसमें उनका कॅरियर लगभग खत्म सा हो गया था।
ब्रिटनी के वकील ने बताया, उन दोनों का एक गहरा रिश्ता था जिसका अंत दर्दपूर्ण तरीके से हुआ। 2003 में ब्रिटनी के माता पिता ने उसके और जस्टिन के अलग होने के बाद अपनी बेटी में कई बदलाव देखे। उन्होंने गौर किया कि वह काफी अवसाद में थीं।
ब्रिटनी के वकील लियोन ग्लैडस्टोन ने उनके माता पिता के बचाव में कहा, ब्रिटनी लॉस वेगास चली गईं और वहां उन्होंने 55 घंटे के लिए अपने बचपन के दोस्त के साथ शादी कर ली। उन्होंने देखा कि वह अपने माता पिता से दूर होती जा रही थी। वे चिंतित थे कि वह गैरकानूनी काम भी कर रही थी।