मध्य क्षेत्र के कप्तान मोहम्मद कैफ ने आज स्वीकार किया कि कल पूर्वी क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्राफी क्रिकेट फाइनल में तेज गेंदबाज अशोक डिंडा उनकी टीम के लिये सबसे बड़ा खतरा होंगे।
पूर्वी क्षेत्र के गेंदबाज डिंडा ने सेमीफाइनल में ड्रा हुए मैच में दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ 26 रन देकर सात विकेट झटके थे। कैफ ने कहा कि उनके बल्लेबाजों को अच्छा स्कोर बनाने के लिये उनका अच्छी तरह सामना करना होगा।
यह पूछने पर कि क्या उन्हें पूर्वी क्षेत्र में डिंडा सबसे बड़ा खतरा नजर आ रहे हैं तो कैफ ने कहा, हां, पिछली बार भी उन्होंने एक पारी मंे 40..50 ओवर डाले थे। इसलिये वह लंबे स्पैल गेंदबाजी कर सकता है, लेकिन साथ ही पूर्वी क्षेत्र उन पर काफी निर्भर होगा। इसलिये अगर हम उनका सामना अच्छी तरह कर पाते हैं तो यह हमारे लिये फायदेमंद होगा।
डिंडा के खिलाफ उनकी रणनीति के बारे में पूछने पर कैफ ने जवाब दिया, चीजें सरल रखो। सलामी साझेदारी काफी अहम होगी। सलामी बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारी करनी होगी। अच्छी नींव से हम बढि़या स्कोर बना सकते हैं।