कांग्रेस ने उन उम्मीदवारों को टिकट नहीं देने का फैसला किया है जो गुजरात में पहले दो विधानसभा चुनाव हार चुके हैं या फिर जो पिछले विधानसभा चुनाव में 15 हजार वोटों के अंतर से हार गए थे।
पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि नयी दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री सी पी जोशी की अध्यक्षता में कांग्रेस की चयन समिति की बैठक मेंं यह निर्णय लिया गया। बैठक में प्रदश्ेा के नेता भी मौजूद थे।
कांग्रेस आलाकमान ने इस साल के आखिर में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदावारों का चयन करने के लिए यह समिति बनाई है। इस समिति में केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री आर पी एन सिंह, गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोधावाडिया और विधानसभा में विपक्ष के नेता शक्तिसिंह गोहिल भी हैं।
कांग्रेस ने पहले ही राज्य की 182 विधान सभा सीटों में हरेक के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है । राज्य में परिसीमन के बाद पहली बार चुनाव हो रहे हैं।
सूत्रों ने कहा, समिति ने अन्य फैसला किया कि जो व्यक्ति पंचायत या नगर निगम का चुनाव लड़ चुका है, उसे टिकट के लिए वरीयता दी जाए।