मरीजों के परिजनों और संवाददाताओं के साथ झड़प के बाद मंगलवार को हड़ताल पर जाने वाले यहां के बीआरडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों ने अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद हड़ताल समाप्त कर दी है।
अधिकारियों ने आज बताया कि इन डॉक्टरों ने कल शाम अपनी हड़ताल समाप्त कर दी।
मेडिकल कॉलेज के पिं्रसिपल केपी कुशवाहा ने कहा कि डीजी :स्वास्थ्य शिक्षा: सौदान सिंह ने डॉक्टरों के साथ एक बैठक की जिसके बाद उन्होंने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।
मंगलवार को, अस्पताल के आपातकालीन विभाग में उस मरीज के परिजनों के साथ जूनियर डॉक्टरों की झड़प हो गई थी जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी ।
कई संवाददाता और फोटो पत्रकार इस घटना की फोटो खींचने और खबर देने के लिए वहां पहुंचे थे।
डॉक्टरों ने तस्वीर खींचे जाने का विरोध किया। पत्रकारों ने जब इसका विरोध किया तब डॉक्टर हिंसक हो उठे और संवाददाताओं पर हमला कर दिया।
डॉक्टरों ने मृतक के परिजनों के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप लगाया जबकि संवाददाताओं ने गुलरिहा पुलिस स्टेशन में जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी।
डॉक्टरों ने अपने खिलाफ दर्ज सभी मामलों को वापस लेने की भी मांग की है।