व्हाट्सऐप के नए यूजरनेम फीचर को लेकर बढ़ती चिंता के बीच सरकार ने मेटा से परामर्श पूरा होने तक इस फीचर को पेश नहीं करने को कहा है। इस बीच इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा को तीन दिनों के भीतर यूजरनेम पर विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार आईटी मंत्रालय, गृह मंत्रालय और इसी तरह के फीचर वाले मेसेजिंग प्लेटफॉर्मों के बीच गुरुवार को एक बैठक निर्धारित है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, ‘गृह मंत्रालय ने पहले इस फीचर को लेकर साइबर धोखाधड़ी की चिंता जताई थी और आईटी मंत्रालय को सूचित किया था। आईटी मंत्रालय और गृह मंत्रालय अधिकारी, मेसेजिंग प्लेटफॉर्मों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठक में यूजरनेम फीचर से जुड़ी चिंता पर चर्चा करेंगे।’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि यह जांच इस आधार पर की जाएगी कि क्या इस फीचर का इस्तेमाल धोखाधड़ी करने वालों (स्कैमरों) द्वारा किया जा सकता है। अधिकारी ने कहा कि मूल और/या वास्तविक उपयोगकर्ताओं के लिए यूजरनेम अनुपलब्ध होने की घटनाओं को भी व्हाट्सऐप के संज्ञान में लाया जा रहा है और इसकी भी जांच की जाएगी।
इस बारे में पूछे जाने पर मेटा ने कोई टिप्पणी नहीं की। कंपनी के सूत्रों ने पुष्टि की है कि आईटी मंत्रालय द्वारा एक नोटिस भेजा गया है।
मेटा के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हमने व्हाट्सऐप पर लोगों को अपना पसंदीदा यूजरनेम आरक्षित करने का विकल्प घोषित किया है। यूजरनेम का उपयोग करने की क्षमता अभी शुरू नहीं हुई है और इस साल के अंत में धीरे-धीरे लॉन्च होगी। नकल से बचाने के लिए हमने सार्वजनिक हस्तियां, सरकारी संस्थाओं, सेलिब्रिटी, सत्यापित मेटा खाते को सुरक्षित रखा है, ताकि केवल वैध मालिकों द्वारा ही उनका दावा हो सके और ज्ञात नामों के समान दिखने वाले नाम भी सुरक्षित रखे गए हैं।
कंपनी ने सुरक्षा के मुद्दे पर कहा, ‘हमने अपने उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा उपाय बनाए हैं। मौजूदा फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजरनेम आरक्षण अवधि के दौरान और उसके बाद कुछ समय के लिए उनके मालिकों के लिए आरक्षित हैं।’
कंपनी ने कहा, ‘इसके अलावा, हमारी स्वचालित प्रणाली नकल और दुरुपयोग के सामान्य रुझान दिखाने वाली गतिविधियों का पता लगाते हैं और खातों को प्रतिबंधित करते हैं। उदाहरण के लिए हम सीमित करेंगे कि कोई भी खाता यूजरनेम के माध्यम से कितने नए लोगों से संपर्क कर सकता है और किसी के यूजरनेम को अनुमानित करने के बार-बार प्रयासों को ब्लॉक करेंगे। हम दुरुपयोग से बचाने के लिए उपयोगकर्ताओं को कितनी बार अपने यूजरनेम बदलने की सीमित संख्या में अनुमति देते हैं।’
मेटा के प्रवक्ता ने कहा, ‘जब यह फीचर उपलब्ध हो जाएगा और कोई व्यक्ति आपके यूजरनेम के माध्यम से आपको पहली बार संदेश भेजता है तो हम आपको दिखाएंगे कि क्या वह नया खाता है और क्या वे आपके पहचान वाले हैं और क्या वे किसी दूसरे देश में स्थित हैं ताकि आप तय कर सकें कि प्रतिक्रिया देनी है या नहीं।’