ऐपल प्रेमियों की नजरें आज रात एक बार फिर ऐपल पार्क, क्यूपर्टिनो, कैलिफोर्निया पर टिकी रहेंगी। टेक दुनिया की यह दिग्गज कंपनी अपने मेगा लॉन्च इवेंट ‘सरप्राइज एंड शाइन’ के जरिए कई बड़े ऐलान करने की तैयारी में है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा नए आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स को लेकर है, लेकिन इस बार कहानी सिर्फ नए आईफोन तक सीमित नहीं रहने वाली। ऐपल पहली बार अपने फोल्डेबल आईफोन से भी पर्दा उठा सकता है, जिसे ‘अल्ट्रा’ ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारे जाने की खबरें हैं।
इसके अलावा नई ऐपल वॉच और एयरपॉड्स भी इस इवेंट में आकर्षण का केंद्र रह सकते हैं। नए CEO जॉन टर्नस के नेतृत्व में होने वाला यह पहला बड़ा लॉन्च इवेंट है, ऐसे में टेक इंडस्ट्री की नजरें भी इस आयोजन पर टिकी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ऐपल इस बार अपने यूजर्स को कितना चौंकाने वाला अनुभव देने वाली है और नए आईफोन 18 प्रो सीरीज में कौन-कौन से बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
ऐपल का यह बहुप्रतीक्षित लॉन्च इवेंट कैलिफोर्निया के ऐपल पार्क में आयोजित किया जा रहा है। भारतीय समय के मुताबिक, इवेंट आज यानी 9 सितंबर 2026 की रात 10:30 बजे शुरू होगा। टेक और आईफोन के शौकीन लोग इस पूरे कार्यक्रम को घर बैठे लाइव देख सकेंगे। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ऐपल की आधिकारिक वेबसाइट, ऐपल टीवी ऐप और कंपनी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर की जाएगी।
लीक्स और सामने आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईफोन 18 प्रो सीरीज में कई बड़े हार्डवेयर बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इनमें प्रोसेसर से लेकर कैमरा और बैटरी तक में अपग्रेड की उम्मीद है। हालांकि, ऐपल की ओर से इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खास बात यह है कि इस बार बेस मॉडल (iPhone 18) आज लॉन्च नहीं होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टैंडर्ड आईफोन 18, 18e और आईफोन एयर की सेकंड जनरेशन को कंपनी 2027 की शुरुआत (स्प्रिंग) में पेश करेगी।
Also Read: मोदी-कुक की वो मुलाकात और बदल गई किस्मत: कैसे 9 साल में भारत बना ऐपल का ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब
इस इवेंट का सबसे बड़ा सरप्राइज ऐपल का पहला फोल्डेबल आईफोन हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसे ‘Ultra’ ब्रांडिंग के साथ पेश कर सकती है। यह बुक-स्टाइल डिजाइन वाला फोल्डेबल फोन होगा, जिसमें बाहर की तरफ 5.5 इंच की डिस्प्ले और फोन खोलने पर अंदर 7.8 इंच की बड़ी स्क्रीन मिलने की उम्मीद है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा दिया जा सकता है, जिसमें प्राइमरी और अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल होंगे। इसके अलावा, ऐपल फोल्डेबल आईफोन के साथ टच ID को भी वापस ला सकती है। कीमत की बात करें तो रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी शुरुआती कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी 1.68 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है। अगर ये कयास सही साबित होते हैं, तो यह ऐपल के अब तक के सबसे प्रीमियम आईफोन मॉडल्स में से एक होगा।
आईफोन के साथ ऐपल अपनी स्मार्टवॉच और ऑडियो डिवाइस की नई रेंज भी पेश कर सकती है। कंपनी की नई वॉच और एयरपॉड्स में डिजाइन के साथ-साथ फीचर्स के स्तर पर भी कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Apple Watch Series 12 और Ultra 4: रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple Watch Series 12 में सिरेमिक केस का विकल्प एक बार फिर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा वॉच को नए रंगों और कुछ नए हेल्थ फीचर्स के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। वहीं, Apple Watch Ultra 4 में नए सेंसर जोड़े जा सकते हैं, जिससे इसकी हेल्थ और फिटनेस मॉनिटरिंग क्षमताएं बेहतर हो सकती हैं।
AirPods 5: ऐपल नए AirPods 5 को भी लॉन्च कर सकती है। इन्हें एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC) के साथ और बिना ANC वाले दो वेरिएंट में पेश किए जाने की उम्मीद है। खास बात यह हो सकती है कि नए एयरपॉड्स में हार्ट रेट मॉनिटर करने वाले सेंसर भी दिए जाएं।