भीषण गर्मी की चपेट में आये राजस्थान में सामान्य जनजीवन बुरी तरह से अस्तव्यस्त हो गयाा है। प्रदेश में आज सबसे अधिक गर्म स्थान चूरू रहा। गुलाबी नगरी में आग बरसाने वाली गर्मी के कारण मुख्य सडके आम दिनों के मुकाबले सुनसान थी।
प्रदेश में भीषण गर्मी के कारण बिजली मांग बढ जाने से बिजली का संकट पैदा हो जाने के कारण विद्युत वितरण कम्पनियों ने औद्योगिक इकाईयों में रात में बिजली आपूर्ति रोक दी है।
मौसम विभाग सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में चार दिनों से जारी भीषण गर्मी से प्रदेशवासियों को आज भी राहत नहीं मिली। चूरू 48 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा, जबकि श्रीगंगानगर 47.8, बीकानेर 46.5, बाडमेर 45.5, जोधपुर 44 और जयपुर में 43.3 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के अन्य स्थानों में तापमान 39 से 43 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने राज्य में मानसून पूर्व की बारिश एक सप्ताह में होने और आगामी तीन चार दिन में कुछ इलाकों में धूल भरी तेज हवाएं चलने एवं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के बारे में मौन है।