सूत्रों ने कहा कि बोर्ड ने पहले ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर मांग रखी है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड :सीबीएफसी: के बजाय नाम को भारतीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड :आईबीएफसी: कर दिया जाए ।
एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ज्यादातर देशों में फिल्म प्रमाणन संस्था के नाम के आगे संबंधित देश का नाम होता है । जैसे ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन या मोशन पिक्चर्स असोसिएशन ऑफ अमेरिका । केंद्रीय शब्द के इस्तेमाल से ऐसा लगता है जैसे राज्यों का भी बोर्ड हो जबकि ऐसा नहीं है ।
सूत्र ने कहा, दूसरी बात यह है कि भारतीय शब्द से हमें उस वक्त भी मदद मिलेगी जब विदेशों में फिल्म महोत्सवों में हमारी फिल्में दिखायी जाएंगी । उनकी पहचान और बढ़ सकेगी ।
बोर्ड को उम्मीद है कि नाम में बदलाव का प्रस्ताव मंत्रालय की ओर से स्वीकार कर लिया जाएगा और राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान ने तो प्रस्तावित नाम का लोगो भी तैयार कर दिया है ।
सूत्र ने कहा कि नाम में बदलाव के मुद्दे पर सबसे पहले उस वक्त चर्चा की गयी थी जब अंबिका सोनी सूचना एवं प्रसारण मंत्री थीं ।
भाषा