जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए कोई पक्की सड़क के निर्माण की संभावना से इनकार किया और अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी को जमीनी स्थिति का पता लगाने के लिए राज्य का हेलीकाप्टर मुहैया कराने की पेशकश की।
उमर ने कहा, हमारे पास दो हेलीकाप्टर हैं, वह कोई दिन चुन लें और अमरनाथ गुफा के आसपास कहीं भी घूमकर आयें। उसके बाद वह यह साबित करें कि एक भी मीटर भी पक्की सड़क का निर्माण हुआ है या ऐसा कोई भी कदम उठाया गया है जो पर्यावरण के लिए नुकसानदायक हो।
उमर ने पुराने शहर में पुनर्निर्मित बुलबुल शाह दरगाह का उद्घाटन करने के बाद कहा कि गिलानी को किसी भी निष्कर्ष पर पहंुचने से पहले उच्चतम न्यायालय का आदेश और राज्य सरकार की ओर से न्यायालय में पेश 200 पृष्ठों की रिपोर्ट को पढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, रिपोर्ट में एक भी जगह पक्की सड़क निर्माण की बात नहीं कही गई है। वह किस सड़क की बात कर रहे हैं? केवल पगडंडी की मरम्मत करायी जाएगी और वह भी वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों से आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद।