पुलिस सूत्रों के अनुसार लांजी क्षेत्र के बकरामुंडी शिविर में पदस्थ आरक्षक हेमंत शर्मा कल दोपहर्र शराब के नशे में चूर होकर लांजी में एक पान ठेले पर पहुंचा जहां उसका सिगरेट खरीदने को लेकर ठेला मालिक अजय रामटेकर से विवाद हो गया तथा इस विवाद के चलते उसने पान ठेले में तोडफोड कर दी।
सूत्रों के अनुसार इस घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी विनय शर्मा वहां पहुंचे तथा वे शराब के नशे में चूर हेमंत शर्मा को लांजी थाने ले आये। कोबरा बटालियन के अन्य जवानों को जब इस घटना की सूचना मिली तो वे इकट्ठा होकर थाने पहुंच गये तथा उन्होने न केवल थाने का दरवाजा बंद कर विनय शर्मा के साथ मारपीट की बल्कि बलपूर्वक हेमंत शर्मा को भी छुडा ले गये।
पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर ने बताया कि इस मामले में कोबरा बटालियन के आरक्षक हेमंत शर्मा सहित 15 जवानों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है ।