असम के हिंसा प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास कार्यों का जायजा लेने के लिए केन्द्र सरकार के सात वरिष्ठ अधिकारियों की टीम कल राज्य के लिए रवाना हो रही है ।
सात सदस्यीय टीम अंतर मंत्रालयी होगी और इसमें संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी शामिल होंगे । यह टीम असम के कोकराझार, धुबरी, चिरंाग और बक्शा जिलों का दौरा करेगी । टीम हाल ही में बोडो और आव्रजक अल्पसंख्यकों के बीच हुई हिंसा के दौरान प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति को देखेगी ।
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव : पूर्वोत्तर : शंभू सिंह और संयुक्त सचिव :आपदा प्रबंधन: आर के श्रीवास्तव के अलावा स्वास्थ्य, कृषि, आदिवासी मामलों आदि के मंत्रालयों के अधिकारी भी टीम में शामिल हैं ।
टीम राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा हिंसा प्रभावित लोगों के लिए घोषित 300 करोड रूपये के राहत पैकेज के कार्यान्वयन के लिए बनायी गयी योजना की समीक्षा भी करेगी ।
केन्द्रीय अधिकारियों ने आज शाम कैबिनेट मंत्री अजीत सेठ के साथ बैठक की, जिसमें केन्द्रीय गृह सचिव आर के सिंह भी शामिल हुए ।