डेंगू के टीका का निर्माण कर रही फ्रांस की कंपनी का कहना है कि थाईलैंड में लोगों पर आजमाए गए इस टीके को चार में से तीन विषाणुओं का प्रतिरोध करने में सफलता मिली है जो इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है ।
मच्छरों के काटने से होने वाली यह बीमारी कई बार जानलेवा भी हो जाती है ।
टीका निर्माता सनोफी पास्चर के कार्यकारी उपाध्यक्ष माइकल द वाइल्ड ने एक बयान में कहा कि मनुष्यों पर टीके का पहला परीक्षण सुरक्षित रहा है और इसे विकसित करने में एक महत्वपूर्ण राह दिखाया है ।
उन्होंने कहा, यह वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण विकास है, चूंकि वर्तमान में डेंगू के लिए कोई विशेष इलाज या बचाव का तरीका नहीं है ।
विश्व स्वास्थ्य संगठन :डब्ल्यूएचओ: का कहना है कि इस बीमारी :डेंगू् से प्रति वर्ष दुनिया में पांच से 10 करोड़ लोग प्रभावित होते हैं । और इसके कारण 20 हजार लोग अपनी जान गंवाते हैं । विशेष तौर पर एशिया और लैटिन अमेरिका के उष्ण और उपोष्ण कटिबंधिय क्षेत्रों में फैला हुआ है लेकिन यह तेजी से यूरोप के कई भागों में भी फैल रहा है ।