भारतीय तीरंदाज क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लाड्र्स पर आज पहली बार उतरे। इसी स्टेडियम पर लंदन ओलंपिक खेलों की तीरंदाजी स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा।
तीरंदाजों ने खिली धूप के बीच ओलंपिक माहौल का लुत्फ उठाया क्योंकि तीरंदाजों को परेशान करने वाली हवाएं आज नहीं चल रही थी। पिछले कुछ दिनों से अन्य स्थानों पर अभ्यास कर रहे तीरंदजों को तेज हवाओं ने काफी परेशान किया था।
लाड्र्स पर अभ्यास करना भारतीय तीरंदाजों के लिए ही नहीं बल्कि अन्य के लिए भी अहम था।
भारत की पुरुष टीम में शामिल राहुल बनर्जी ने कहा, लाड्र्स के बीच में खेलकर हम काफी खुश हैं।
बनर्जी ने कहा कि पूरे देश की तरह वह भी क्रिकेट देखते हैं और लाड्र्स के मैदान पर हुए मैच उन्होंने टीवी पर देखे हैं।
टीम के सामंजस्य सत्र के बाद बनर्जी ने कहा, सचिन तेंदुलकर मेरे क्रिकेट हीरो हैं और मैंने यहां खेले गए कई टेस्ट मैच देखे हैं।
भारतीय टीम अब केवल प्रतियोगिता के लिए लाड्र्स पर वापसी करेगी।