गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां सुजुकी मोटर्स के चेयरमैन ओसामु सुजुकी से मुलाकात की और राज्य में निवेश पर चर्चा की।
मोदी ने तोक्यो से हामामात्सु तक की यात्रा बुलेट ट्रेन से की। हामामात्सु सुजुकी मोटर्स का मुख्यालय है। मोदी ने कंपनी का कारखाना देखा और वह यहां काम करने वाले भारतीय अभियंताओं से भी मिले।
मोदी तथा सुजुकी की बैठक में निवेश अवसरों पर चर्चा हुई। सुजुकी ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे और अधिक उद्योगपतियों को गुजरात लाएंगे।
गुजरात के सूचना कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार सुजुकी ने कहा कि गुजरात के कारखाने में तैनाती से पहले 500 भारतीय कर्मचारियों को गुजरात में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक के दौरान मोदी ने गुजरात के निवेश अनुकूल माहौल को रेखांकित किया।
इससे पहले तोक्यो में मोदी ने मारति सुजुकी के मानेसर कारखाने में हिंसा की आलोचना की थी और कहा था कि दुनिया में कहीं भी ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए।