पूर्व क्रिकेट कप्तान कपिल देव बीसीसीआई में वापसी से निश्चित रूप से राहत महसूस कर रहे हैं लेकिन इस महान आल राउंडर का कहना है कि उनकी वापसी को बीसीसीआई से माफी नहीं माना जाए।
कपिल ने खेल मैग्जीन स्पोट्र्सस्टार के लिये आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहा, मैं कभी नहीं समझ सका कि माफी शब्द सही है या नहीं । शायद मैं काफी समझदार नहीं हूं लेकिन मैंने इसका मतलब जानने के लिये डिक्शनरी भी देखी ।
लोगों ने भले ही इंडियन क्रिकेट लीग के साथ बागी शब्द जोड़ दिया हो लेकिन इस 53 वर्षीय ने कहा कि इस अनधिकृत लीग से जुड़ना उनके लिये सीखने वाला अनुभव रहा ।
पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, लोग भले ही कुछ भी सोचे, लेकिन व्यक्तिगत रूप से मैंने काफी कुछ सीखा है । अब मैं काफी अनुभवी महसूस करता हूं, मैं अपनी जिम्मेदारी के लिये अब आत्मविश्वास से भरा हूं ।
वह इस बात से सहमत थे कि बीसीसीआई के साथ कुछ गलतफहमी थी लेकिन अब ये सुलझ गयी हैं ।
कपिल ने कहा, मैं हमेशा मानता हूं कि ऐसी कोई भी चीज नहीं है जिसके लिये अगर दो लोग बैठे और बातचीत करें तो इसे निपटाया नहीं जा सकता । अगर उचित बातचीत हो तो भारत..पाक मुद्दा भी निपटाया जा सकता है ।