इंडियन प्रीमियर लीग के अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आज कहा कि राहुल शर्मा पर फैसला लेने से पहले बीसीसीआई पुलिस की रिपोर्ट पढेगा । राहुल को पांचवें आईपीएल के दौरान मुंबई में रेव पार्टी के दौरान प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया था ।
शुक्ला ने आज कहा , राहुल के खिलाफ कार्रवाई से पहले पुलिस रिपोर्ट का अध्ययन किया जायेगा । रिपोर्ट पढने के बाद ही कार्रवाई की जायेगी ।
मुंबई पुलिस ने कल रात को पुष्टि की कि राहुल और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर वेन परनेल डोप टेस्ट में पाजीटिव पाये गए । उन्हें जुहू में एक रेव पार्टी से 20 मई को गिरफ्तार किया गया था ।
मुंबई पुलिस ने कहा कि वे उन 42 लोगों में शामिल थे जिन्हें डोप टेस्ट में पाजीटिव पाया गया । उस दिन गिरफ्तार किये गए 100 लोगों में ये दोनों क्रिकेटर भी शामिल थे ।
बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने हालांकि कल कहा था , मुझे समझ में नहीं आता कि हर कोई राहुल शर्मा को दोषी साबित करने पर क्यो तुला है ।
उन्होंने कहा था , बीसीसीआई रिपोर्ट पढने के बाद ही फैसला लेगा ।
मुंबई पुलिस ने रेव पार्टी में शामिल 90 में से 44 लोगों के खून के नमूने लिये थे । पुलिस उपायुक्त प्रताप दिघावकर ने कहा , 44 में से दो महिलायें नेगेटिव हैं जबकि बाकी सभी पाजीटिव पाये गए हैं ।
इनमें आईपीएल के दो क्रि्रकेटर राहुल और परनेल : पुणे वारियर्स : शामिल हैं ।