बंगलादेश के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी मंत्री सैयद अबुल हुसैन ने इस आरोपों के बीच आज अपने पद से त्यागपत्र दे दिया कि भ्रष्टाचार षड्यंत्र में शामिल थे जिसके चलते विश्व बैंक को एक पुल परियोजना के वित्तपोषण का रिण समझौता रद्द कर दिया।
हुसैन ने यहां मीडिया से कहा, मैंने मंत्रिमंडल में नहीं रहने का निर्णय किया है।
इसके बावजूद हुसैन ने अपना दावा दोहराया कि जब संचार मंत्रालय का प्रभार उनके पास था उस समय पदमा पुल परियोजना में कोई भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ। सात महीने पहले उन्हें सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी मंत्रालय स्थानांतरित कर दिया गया था।
त्यागपत्र देने तथा उसके स्वीकार होने या नहीं होने के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। त्यागपत्र की घोषणा उस खबर के एक दिन बाद हुई है जिसमें कहा गया था कि विश्व बैंक को पदमा पुल परियोजना पर अपने निर्णय की समीक्षा करने के लिए तैयार करने वास्ते सरकार विश्व बैंक की चौथी शर्त पर विचार कर सकती है।