पर्यटन, खुदरा और आतिथ्य विषयों पर आस्ट्रेलिया के लोकप्रिय व्यावसायिक पाठ्यक्रम जल्द ही भारत में छात्रों के लिए उपलब्ध होंगे क्योंकि एक प्रमुख आस्ट्रेलियाई संस्थान भारत में अपनी शाखाएं खोलने वाला है।
मेलबर्न की कंपनी हेरॉड इंक टैफे 10 जुलाई को एनएसडब्ल्यू . सिडनी संस्थान के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करेगी जिसके तहत पर्यटन, खुदरा, आटोमोटिव इंजीनियरिंग, हास्पीटैलिटी और निर्माण को लेकर व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम पढाने वाले टैफे संस्थान स्थापित किये जाएंगे।
कंपनी की शुरूआत में भारत में पांच स्कूल खोलने की योजना है और इस तरह का पहला संस्थान गुडगांव में खोला जाएगा जिसके अगले साल अप्रैल तक शुरू होने की संभावना है।
यह कदम भारत सरकार के 2022 तक 50 करोड़ लोगों को कुशल बनाने के लक्ष्य में शामिल है।
हेरॉड के सीईओ अमित टिक्कू ने कहा कि उनकी कंपनी ने उद्योगों की जरूरत और शिक्षा संस्थानों की स्थिति को लेकर भारत में राष्ट्रीय कुशल विकास कारपोरेशन के विश्लेषकों के साथ मिलकर काम किया है।