कर्नाटक के इंजीनियर पवन कुमार अंजनैया के पिता ने आज कहा कि वह अपने पुत्र का शव भारत लाने को राजी हैं । पवन ने अमेरिका के एक होटल में कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी ।
अजनैया ने प्रेट्र से कहा, हमने फार्म भर दिया है। हमने पहले इसके लिए इंकार कर दिया था। हमने पवन के शव को वापस लाने के लिए ऐसा किया । अमेरिका के अधिकारियों ने टेलीफोन वार्ता में कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सारी रिपोर्ट प्राप्त करने में कम से कम चार महीने लगेंगे जिसके बाद हमने फार्म भरने का निर्णय किया ।
पवन के शव को भारत लाने के इन कागजों पर हस्ताक्षर करने से पहले वह इन रिपोर्ट को हासिल करने शर्त रख रहे थे ।
छब्बीस वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर कॉग्नीजेंट के असाइनमेंट के लिए अमेरिका गए हुए थे तभी न्यूजर्सी में उसकी मौत हो गई ।
कर्नाटक के तुमकुर का रहने वाला पवन पेनिसिल्वेनिया की महिला डेनिली मेहलमन की हत्या के आरोपों का सामना कर रहा था और 19 जून को उसने न्यूजर्सी के एक होटल में कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी ।