रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच ने आज लगातार सेटों में जीत दर्ज करके विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में रोचक जंग की नींव रखी।
स्विट्जरलैंड के छह बार के चैंपियन फेडरर ने रूस के मिखाइल यूज्नी को 6-1, 6-2, 6-2 से हराकर रिकार्ड 32वीं बार किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनायी।
शीर्ष वरीयता प्राप्त जोकोविच ने क्वार्टर फाइनल में जर्मनी के फ्लोरियन मेयर को 6-4, 6-1, 6-4 से पराजित किया। अब ये दोनों खिलाड़ी सेमीफाइनल में आमने . सामने होंगे। जोकोविच लगातार नौवीं बार ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। अब इस मामले में केवल फेडरर, राड लीवर और इवान लेंडल ही उनसे आगे हैं।
पिछले महीने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाकर जिम्मी कोनर्स के सर्वाधिक बार ग्रैंडस्लैम सेमीफाइनल में पहुंचने के रिकार्ड की बराबरी करने वाले फेडरर ने 26वीं वरीय यूज्नी को लगातार 14वीं बार पराजित किया।
फेडरर के लिये महत्वपूर्ण यह रहा कि इस मैच के दौरान वह किसी भी समय पीठ दर्द से परेशान नहीं दिखे। चौथे दौर में जेवियर मालिसे के खिलाफ वह पीठ दर्द से परेशान रहे थे। फेडरर 2009 के बाद पहली बार आल इंग्लैंड क्लब में अंतिम चार में पहुंचे हैं। पिछले दो अवसरों पर वह क्वार्टर फाइनल में हार गये थे।
फेडरर ने आठवीं बार विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। उनके इस मैच को देखने के लिये प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी कैथरीन भी आयी थी।